शरद पवार के खुलासे के बाद गरमाई सियासत, कहा-दिल्ली के दो लोगों ने 160 सीटों की दी थी गारंटी, राहुल गांधी ने कर दिया था इनकार

Date:

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव आयोग पर लगातार वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच एनसीपी पवार गुट प्रमुख शरद पवार के इस खुलासे ने सियासत गरमा दी है कि महाराष्ट्र चुनाव से पहले दिल्ली के दो लोगों ने 160 सीट दिलाने की दी थी गारंटी।

शरद पवार ने कहा कि मुझे याद है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले, दो लोग दिल्ली में मुझसे मिलने आए थे। उन्होंने मुझसे कहा था कि महाराष्ट्र की 288 सीटों में से हम आपको 160 सीटों की गारंटी देते हैं। मैं हैरान था, सच कहूं तो मुझे चुनाव आयोग पर कोई शक नहीं था। इसके बाद, मैंने उन लोगों और राहुल गांधी के साथ एक बैठक तय की। वे जो कुछ भी कहना चाहते थे, उन्होंने राहुल गांधी के सामने कहा, लेकिन राहुल गांधी और मेरी राय थी कि हमें इस पर ध्यान नहीं देना चाहिए। यह हमारा रास्ता नहीं है।

महाराष्ट्र की सीएम फडणवीस ने उठाए सवाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के दावे पर सवाल उठाए हैं। फडणवीस ने शनिवार को कहा कि शरद पवार ने दो लोगों की पेशकश का खुलासा अब क्यों किया, जबकि यह घटना पिछले साल के विधानसभा चुनाव से पहले की है। उन्होंने कहा कि पवार ने पहले कभी राहुल गांधी के ईवीएम हेरफेर के दावों का समर्थन नहीं किया था।

सलीम-जावेद की स्क्रिप्ट जैसा बयान

फडणवीस ने पवार के बयान को सलीमजावेद जैसी स्क्रिप्ट बताया। फडणवीस ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के उस निर्देश का पालन नहीं किया, जिसमें उन्हें अपने बड़े आपराधिक धोखाधड़ी के आरोपों पर शपथपत्र देने को कहा गया था। फडणवीस ने सवाल उठाया कि क्या अदालत में भी वे यह कहेंगे कि उन्होंने पहले ही संविधान के तहत शपथ ली है। फडणवीस ने आगे ये भी कहा कि राहुल गांधी अक्सर आरोप लगाकर बिना सबूत दिए चले जाते हैं। अगर वे इस मामले में शपथपत्र देंगे और झूठ साबित होंगे तो उन्हें आपराधिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इसलिए वे लिखित में बयान देने से बच रहे हैं।

कांग्रेस को मिली हिम्मत, चलेगा देशव्यापी अभियान

राहुल गांधी के आरोपों के बाद कांग्रेस को अब हिम्मत मिली है और देशव्यापी अभियान चलने की तैयारी कर रही है। बताया जाता है कि इसकी रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम को दिल्ली स्थित पार्टी के पुराने मुख्यालय में महासचिवों और प्रभारियों की अहम बैठक बुलाई है। इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर एक प्रजेंटेशन दिया था, जिसे देखने के बाद वरिष्ठ नेता शरद पवार ने सुझाव दिया था कि इसे हर प्रदेश और जिला स्तर तक दिखाना चाहिए। अब कांग्रेस ने शरद पवार के सुझाव पर अमल करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस आलाकमान ने शनिवार को देश भर के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालयों में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो दिखाए जाने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related