नई दिल्ली। नीट पेपर लीक को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक छात्र साहिल घायल हो गया था। शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्र साहिल को लेकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की मांग की। राहुलल गांधी छात्र के साथ थाने में ही धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि एम्स की रिपोर्ट साफ कहती है कि उनके (साहिल) शरीर के अंदर 200 से ज्यादा छर्रे हैं और 3 छर्रे उनकी आँख में हैं। उनकी उस आंख की रोशनी चली गई है। उनके दिल के पास भी छर्रे हैं, जिन्हें छुआ नहीं जा सकता। दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने पैलेट गन नहीं चलाई, तो बस एक ही सवाल है: किसी ने तो ऐसा किया ही होगा।
👉 यह भी पढ़ें:
एफआईआर होने तक नहीं हटने की धमकी
राहुल गांधी ने कहा कि अपराध तो हुआ ही है। हम मांग कर रहे हैं कि एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने हमें बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और वे एफआईआर दर्ज नहीं कर सकते। राहुल ने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती, हम यहां से नहीं हटेंगे। हम बस इस परिवार के लिए न्याय चाहते हैं।
कांग्रेस के कई नेता थाने पहुंचे
राहुल गांधी के धरने की खबर फैलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता संसद मार्ग थाने के बाहर पहुंच गए। प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई नेता वहां मौजूद रहे। समर्थकों की भीड़ बढ़ने के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। धरने और समर्थकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए संसद मार्ग थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई। रिपोर्टों के अनुसार मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी तैनात किए गए। पुलिस की ओर से राहुल गांधी से धरना समाप्त करने के लिए कहे जाने की भी खबर है।



