इंदौर। विधानसभा एक में आयोजित विधायक ट्रॉफी से विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आउट हो गए हैं। आयोजकों ने इसका नाम बदलकर स्वाभिमान ट्रॉफी कर दिया है और इसके पोस्टर-बैनर से भी विजयवर्गीय का फोटो व नाम गायब है। खास बात यह कि इसके बैनर पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की एंट्री हो गई है।
आयोजकों ने तत्काल लिया फैसला
बताया जाता है कि इस ट्रॉफी के आयोजकों को आकाश विजयवर्गीय ने पहले आर्थिक मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन वे सिर्फ चक्कर कटवाते रहे। इसके बाद परेशान आयोजकों ने तत्काल फैसला लेते हुए ट्रॉफी का नाम ही बदल दिया। भागीरथपुरा में एमआर 4 आयोजित इस ट्रॉफी के बैनर-पोस्टर भी नए बन गए हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- इंदौर भाजयुमो अध्यक्ष पद पर मंत्री ने रोहित चौधरी के लिए लगाया जोर, अपने दावेदारों के लिए अन्य विधायक भी एक्टिव, घोषणा जल्द
- भोपाल में आज दिखा इंदौर भाजपा के ‘पंच’ का दम, नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई नेताओं से की मुलाकात
- इंदौर की सिसासत में अब ‘पंच’ की एंट्री, सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में दिखे नए राजनीतिक समीकरण
- अपमान का घूंट पीकर भी सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में पहुंचे विजयवर्गीय, सीएम के आने से पहले ही मार गए कलटी!
- चुनरी यात्रा के बहाने विधानसभा एक में ‘सुदर्शन चक्र’, होर्डिंग-बैनर से मंत्रीजी गायब!
- रेसीडेंसी में सीएम का मंथन, मेंदोला और वर्मा को भाजपा कार्यालय के लिए जमीन तलाशने की जिम्मेदारी, बहुत जल्द इंदौर में होगी बड़ी कार्रवाई
बैनर पर दिखी भाजपा नई ‘चौकड़ी’
आयोजन के लिए मंच सज गया है और उस पर लगे बैनर में सीए डॉ.मोहन यादव के साथ प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मनोज पटेल, विधानसभा एक के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, मध्य प्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर नजर आ रहे हैं। लेकिन, न तो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का फोटो है और न ही उनके सुपुत्र आकाश विजयवर्गीय का।
विधानसभा एक में लगातार बदल रहे समीकरण
नवरात्रि में विधानसभा एक के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने आज बड़ा गणपति से बिजासन माता मंदिर तक चुनरी यात्रा निकाली थी। इसके प्रचार के लिए लगे होर्डिंग से मंत्री विजयवर्गीय गायब थे। जगह-जगह लगे होर्डिंग पर गौरव रणदिवे और सावन सोनकर नजर आए थे। इतना ही नहीं सुदर्शन गुप्ता के सोशल मीडिया पोस्ट पर भी विजयवर्गीय का कहीं जिक्र नहीं था।
चुनरी यात्रा में कई नेताओं ने दिया था गुप्ता का साथ
सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं माना जा रहा है। विधानसभा एक में गुप्ता की पुरानी राजनीतिक सक्रियता और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इसके सियासी मायनों को भी अहम बना दिया था। यात्रा के जरिए गुप्ता ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एक मंच पर जुटाने के साथ अपनी संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन किया। ऐसे में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता द्वारा इतने बड़े स्तर पर आयोजन करना राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि गुप्ता अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन पर सक्रिय बने हुए हैं।
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में दिखी थी ताकत
सुदर्शन गुप्ता की इस चुनरी यात्रा में सीएम डॉ.मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और इंदौर के अधिकांश नेताओं की मौजूदगी थी। इस यात्रा ने यह बता दिया कि आज भी सुदर्शन गुप्ता की भाजपा में कितनी ताकत है। विधायक मालिनी गौड़, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, लोकसभा की पूर्व स्पीकर सुमित्रा महाजन, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे सहित अनेक नेता इस यात्रा के साक्षी बने।
सिर्फ मुंह दिखाने के लिए गए थे विजयवर्गीय
चुनरी यात्रा को लेकर लगाए गए किसी भी होर्डिंग-बैनर में विधानसभा एक के विधायक और मंत्री विजयवर्गीय का फोटो या नाम नहीं था। चूंकि मामला उनकी विधानसभा का था, इसलिए वे मुंह दिखाने के लिए कार्यक्रम में गए थे। सीएम के कार्यक्रम में पहुंचने के पहले ही वे वहां से रवाना हो गए। इसको लेकर भी भाजपा में कई तरह की अटकलें चल रही हैं। साफ-साफ कहा जा रहा है कि विजयवर्गीय सीएम से आमना-सामना करने से बच रहे हैं।



