अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों ने लगभग 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर अमेरिका में गैरकानूनी रूप से रहने और ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करने का आरोप है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी को जल्द ही अमेरिका से डिपोर्ट (देश निकाला) किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) ने बताया कि 11 से 15 मई के बीच एरिज़ोना के युमा सेक्टर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 52 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें 36 लोग सेमी-ट्रक चला रहे थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार किए गए 36 ट्रक ड्राइवरों में से 30 भारतीय नागरिक थे, जबकि बाकी छह मेक्सिको, एल साल्वाडोर और रूस के थे। जांच में सामने आया कि इनके पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों से जारी कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस थे, हालांकि कुछ के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला।
अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश लोगों के पास ऐसे रोजगार संबंधी दस्तावेज थे जो उन्हें पूर्व बाइडन प्रशासन के दौरान मिले थे, लेकिन अब उनकी वैधता समाप्त हो चुकी है। अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों को संघीय कानून के तहत प्रोसेस किया गया है और संबंधित लोगों को जल्द ही उनके देशों में वापस भेजा जाएगा।
इस कार्रवाई ने अमेरिका में अवैध प्रवास, वर्क परमिट और इमिग्रेशन नीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


