नई दिल्ली। तमिलनाडु BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने अब नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका इस्तीफा मंजूर किया है। उन्होंने कहा कि आज से वह एक नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं और जनता से इस अभियान में साथ देने की अपील की।
एक नई राजनीतिक दिशा की ओर
अन्नामलाई ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में DMDK के साथ इंटर्नशिप की थी। साल 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे। अब वह एक नई राजनीतिक दिशा की ओर बढ़ रहे हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- तमिलनाडु में केंद्र सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कहा-राज्य में बिहार मॉडल चलाना चाहती है भाजपा
- कोयंबटूर में पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर बोला जमकर हमला, ओछी राजनीति का लगाया आरोप
- महिला आरक्षण बिल पर तमिलनाडु में बोले राहुल गांधी- चुपके से परिसीमन बदलना चाहती थी सरकार, हमने उन्हें हरा दिया
- टिकट कटने के अफवाहों पर बोले अन्नामलाई-चुनाव न लड़ने का फैसला मेरा था
रजनीकांत ने भी दिया था प्रस्ताव
अन्नामलाई ने बताया कि 24 अगस्त 2020 को भाजपा में शामिल होने से पहले अभिनेता रजनीकांत ने उन्हें फोन कर अपनी संभावित राजनीतिक पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। वे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष को पहले ही वचन दे चुके होने के चलते उन्होंने रजनीकांत के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।
We The Leader आंदोलन
अन्नामलाई ने कहा कि उनका मकसद जमीन से जुड़ी, स्वच्छ और पारदर्शी राजनीति की शुरुआत करना है। उन्होंने बताया कि उनके नए राजनीतिक आंदोलन का नाम “We The Leader” होगा। इसके साथ ही “APJ Abdul Kalam Ethics in Politics” नामक संस्था के माध्यम से इस आंदोलन से जुड़ने वाले सदस्यों को राजनीतिक और नैतिक नेतृत्व की ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब उनकी राजनीतिक पार्टी का गठन होगा, तब उसमें टर्म लिमिट लागू की जाएगी ताकि परिवारवाद और वंशवादी राजनीति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पीएम नरेंद्र मोदी के लिए कह दी बड़ी बात
अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मन में पीएम मोदी के लिए हमेशा आदर रहेगा। हालांकि यदि किसी मुद्दे पर भाजपा और उनके विचारों में मतभेद होगा तो वह उसे पूरी गंभीरता और स्पष्टता के साथ उठाएंगे। अन्नामलाई ने कहा कि तीन-भाषा नीति का उन्होंने भाजपा के भीतर रहते हुए भी विरोध किया था।
पार्टी नेतृत्व के सामने रखी अपनी बात
अन्नामलाई ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पार्टी में महसूस की गई कमियों और अपने विचारों को स्पष्ट रूप से रखा, जिसके बाद इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों में से नहीं हैं जो दूर बैठकर इस्तीफा भेज देते हैं, बल्कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखकर सम्मानजनक तरीके से अलग होने का फैसला लिया। अन्नामलाई ने कहा कि यह तय करना बहुत मुश्किल था कि मैं भाजपा का आदमी हूं या तमिल। मैंने 4 दिसंबर 2025 को पार्टी को बताया कि मैं इस्तीफा देने जा रहा हूं. पार्टी ने मुझसे कहा कि चुनाव पूरे होने के बाद ही जाऊं।


