मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार 16 मई को शेयर बाजार शुरुआती तेजी के बाद लाल निशान पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 122.56 अंक नीचे जाकर 77,988.68 अंक पर बंद हुआ। इधर, एनएसई निफ्टी 34.55 अंक फिसलकर 24196.75 के स्तर पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स 565.18 अंक की बढ़त के साथ 78,676.42 के स्तर पर खुला था, जबकि निफ्टी 156.20 अंक उछलकर 24,387.50 के स्तर पर खुला। देखते ही देखते बाजार पर बिकवाली हावी होने लगी। सेंसेक्स और निफ्टी फिर संभल नहीं पाए। आज के कारोबार में निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, एचडीएफसी लाइफ, टाइटन कंपनी और अपोलो हॉस्पिटल शामिल रहे। इसके विपरित बढ़त वाले शेयरों में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट, अदानी एंटरप्राइजेज, अदानी पोर्ट्स और इटरनल शामिल रहे। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली से दबाव रहा, जबकि मेटल और आईटी सेक्टर में बढ़त देखी गई. हिंडाल्को और अडानी पोर्ट्स टॉप गेनर्स रहे, वहीं एचडीएफसी बैंक में गिरावट दर्ज की गई। बाजार में गिरावट का सबसे बड़ा कारण एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी और टाइटन जैसे भारी वजन वाले शेयरों में मुनाफावसूली रही। बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में सबसे ज्यादा कमजोरी देखी गई। आज के कारोबार में आईटी और मेटल सेक्टर मजबूत रहा।


