अरबपति कारोबारी जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्ल्यू ओरिजिन को बड़ा झटका लगा है। फ्लोरिडा में गुरुवार को कंपनी का विशाल ‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट हॉट-फायर टेस्ट के दौरान लॉन्चपैड पर ही भीषण विस्फोट के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
यह हादसा उस समय हुआ जब रॉकेट का इंजन परीक्षण यानी ‘हॉट-फायर टेस्ट’ किया जा रहा था। लाइव स्ट्रीमिंग वीडियो में देखा गया कि रॉकेट ने अचानक आग पकड़ ली और कुछ ही सेकंड में वह विशाल आग के गोले में बदल गया। विस्फोट के बाद आसमान में धुएं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं।
👉 यह भी पढ़ें:
घटना की पुष्टि करते हुए ब्ल्यू ओरिजिन ने कहा कि परीक्षण के दौरान एक “एनोमली” यानी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। कंपनी ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
कंपनी ने X पर जारी बयान में कहा, “आज के हॉटफायर परीक्षण के दौरान हमें असामान्य स्थिति का सामना करना पड़ा। सभी कर्मी सुरक्षित हैं। जैसे ही अधिक जानकारी मिलेगी, हम अपडेट साझा करेंगे।”
‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट को मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के फाल्कन और स्टारशिप प्रोग्राम को चुनौती देने के लिए तैयार किया जा रहा था। ब्लू ओरिजिन का लक्ष्य इस रॉकेट के जरिए अमेजन के 48 LEO सैटेलाइट लॉन्च करना था, जो स्टारलिंक को टक्कर देने वाले ब्रॉडबैंड नेटवर्क का हिस्सा हैं।
करीब एक दशक और अरबों डॉलर की लागत से तैयार किया गया 29 मंजिला ‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट कंपनी की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा था। इसका पहला स्टेज दोबारा इस्तेमाल करने योग्य बनाया गया है।
इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए एलोन मस्क ने X पर लिखा, “बहुत बुरा हुआ। रॉकेट बनाना बेहद मुश्किल काम है।”



