मुंबई। भारत के प्रसिद्ध एड गुरु पीयूष पांडे का 70 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। ठंडा मतलब कोका कोला, फेविकोल का जोड़… जैसे कई मशहूर विज्ञापन उन्होंने लिखे थे। नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के अनेक कारणों में से एक उनके द्वारा लिखा नारा–अबकी बार मोदी सरकार को भी माना जाता है। उनका लिखा गीत मिले सुर मेरा तुम्हारा तो हर किसी की जुबान पर आज भी चढ़ा है।
पीयूष पांडे का जन्म 1955 में जयपुर में हुआ था. उनके परिवार में नौ बच्चे थे, जिनमें सात बहनें और दो भाई शामिल थे। उनके भाई प्रसून पांडे फिल्म निर्देशक हैं, जबकि बहन ईला अरुण गायिका और अभिनेत्री थीं। उनके पिता राजस्थान राज्य सहकारी बैंक में कार्यरत थे। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की और 1982 में उन्होंने विज्ञापन कंपनी ओगिल्वी के साथ काम करना शुरू किया। इसके बाद 1994 में उन्हें ओगिल्वी के बोर्ड में नॉमिनेट किया गया। उन्हें 2016 में भारत सरकार ने पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया।
मिले सुर मेरा तुम्हारा हर जुबान पर चढ़ा
5 अगस्त 1988 का दिन था। पूरा देश आजादी की वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मना रहा था। ये वो दौर था जब मनोरंजन के साधन सीमित थे। दूरदर्शन के अलावा और कोई साधन नहीं था। इस दिन प्रधानमंत्री का संबोधन खत्म होने के बाद दूरदर्शन पर राष्ट्रीय एकता का एक गीत सुनाई और दिखाई दिया। यह गीत था मिले सुर मेरा तुम्हारा। इस मशहूर गीत को लिखा था पीयूष पांडे ने और इसका म्यूजिक कंपोज किया था पंडित भीमसेन जोशी और अशोक पटकी ने। इस गाने को 14 भारतीय भाषाओं हिंदी, असमी, तमिल, तेलुगू, कश्मीरी, पंजाबी, सिन्धी, उर्दू, कन्नड़, मलयालम, बांग्ला, ओडिया, गुजराती और मराठी में गाया था। इसमें अमिताभ बच्चन, जितेंद्र, मिथुन चक्रवर्ती, हेमा मालिनी, तनूजा समेत कई सिनेमा जगत की कई हस्तियां नजर आईं। उनके अलावा खिलाड़ियों में सुनील गावस्कर, पीटी उषा, कपिल देव, प्रकाश पादुकोण और मिल्खा सिंह जैसे कई दिग्गज दिखे।
विज्ञापन ऐसे की दिमाग पर चढ़े
पीयूष पांडे के लिखे विज्ञापन लोगों के दिल ही नहीं दिमाग पर भी चढ़े।एशियन पेंट्स का “हर खुशी में रंग लाए“, कैडबरी का “कुछ खास है“, फेविकोल के विज्ञापन भला कोई भूल सकता है। फेवीकोल का जोड़ तो आम बोलचाल की भाषा में शामिल है। उनका पहला प्रिंट विज्ञापन सनलाइट डिटर्जेंट के लिए लिखा गया।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया पोस्ट
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पीयूष पांडे के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पद्मश्री पीयूष पांडे के निधन पर दुख जाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। विज्ञापन जगत में एक अभूतपूर्व व्यक्तित्व, उनकी रचनात्मक प्रतिभा ने कहानी कहने की कला को नई परिभाषा दी और हमें कभी न भूलने वाली कहानियां दीं।
फिल्मकार हंसल मेहता ने जताया दुख
फिल्ममेकर हंसल मेहता समेत सिनेमा जगत के कई दिग्गजों ने पीयूष पांडे के निधन पर दुख जाहिर किया है। हंसल मेहता ने एक्स पर लिखा कि फेविकोल का जोड़ टूट गया। आज एड वर्ल्ड ने अपना ग्लू खो दिया।


