अमेरिका और ईरान के बीच कथित समझौते (MOU) को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। ईरान के सरकारी और अर्द्ध-सरकारी मीडिया में ऐसी रिपोर्टें प्रकाशित हुई हैं, जिनमें इस प्रस्तावित समझौते के 14 अहम बिंदुओं का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन बिंदुओं की अब तक न तो अमेरिका और न ही ईरान की सरकार ने आधिकारिक पुष्टि की है।
ईरान की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित समझौता केवल दोनों देशों के बीच तनाव कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक स्थिरता से जुड़े बड़े बदलावों का खाका भी शामिल है।
👉 यह भी पढ़ें:
- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकर पर हमला! अज्ञात प्रोजेक्टाइल से इंजन रूम क्षतिग्रस्त
- ईरान युद्ध खत्म करने के पक्ष में, ट्रंप का सख्त रुख—क्या शुरू होगी शांति वार्ता?
- UAE पर ईरानी मिसाइलों का खतरा! दुबई में बजा पहला इमरजेंसी अलर्ट, बढ़ा अमेरिका-ईरान तनाव
- ट्रंप का ईरान को कड़ा संदेश: ‘होर्मुज स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण’, बढ़ सकता है तनाव
- होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का बड़ा ऐलान: अमेरिका की 6 शर्तें पूरी होने तक नहीं खुलेगा समुद्री रास्ता, दुनिया की बढ़ी चिंता
- Gulf of Aden में टैंकर के पास जोरदार धमाका, हूतियों ने सऊदी ऑयल टैंकर पर मिसाइल हमले का किया दावा; बढ़ा Red Sea Crisis
रिपोर्ट के मुताबिक, समझौते के प्रमुख बिंदुओं में लेबनान सहित विभिन्न मोर्चों पर स्थायी युद्धविराम लागू करने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा अमेरिका द्वारा ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने की प्रतिबद्धता भी कथित तौर पर इस मसौदे का हिस्सा है।
दावा किया गया है कि समझौते के तहत 30 दिनों के भीतर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाई जाएगी और ईरानी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को भी 30 दिनों के भीतर फिर से खोला जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह भी कहा गया है कि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की ओर से ईरान के पुनर्निर्माण के लिए कम से कम 300 अरब डॉलर की आर्थिक योजनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही ईरानी तेल और ऊर्जा उत्पादों पर लगे प्रतिबंधों को समाप्त करने की संभावना भी जताई गई है।
कथित समझौते में ईरान द्वारा परमाणु हथियार विकसित न करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का उल्लेख भी है। वहीं अमेरिका से अपेक्षा की गई है कि वह क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी नहीं बढ़ाएगा और ईरान पर नए प्रतिबंध नहीं लगाएगा।
रिपोर्ट का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा वह शर्त मानी जा रही है, जिसमें कहा गया है कि अंतिम वार्ता तब तक शुरू नहीं होगी जब तक ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों का कम से कम आधा हिस्सा जारी नहीं किया जाता, ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंध निलंबित नहीं किए जाते और नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त नहीं की जाती।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसारन यह भी दावा किया है कि यदि दोनों पक्ष अंतिम सहमति पर पहुंचते हैं, तो समझौते को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्ताव के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाई जा सकती है।
हालांकि, जब तक अमेरिका और ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, तब तक इन रिपोर्टों को संभावित मसौदे या मीडिया दावों के रूप में ही देखा जा रहा है। फिर भी इन खबरों ने वैश्विक राजनीति, तेल बाजार और मध्य पूर्व की सुरक्षा स्थिति को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
यदि ये शर्तें वास्तव में लागू होती हैं, तो यह हाल के वर्षों में अमेरिका और ईरान के बीच सबसे बड़ा कूटनीतिक समझौता साबित हो सकता है, जिसका असर वैश्विक तेल कीमतों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है।
आपकी राय क्या है?
क्या अमेरिका और ईरान के बीच ऐसा समझौता वास्तव में मध्य पूर्व में स्थायी शांति ला सकता है, या यह केवल अस्थायी राजनीतिक समझौता साबित होगा?
कमेंट में अपनी राय जरूर बताएं। क्या यह डील दुनिया की राजनीति और तेल बाजार का गेम-चेंजर साबित होगी?



