इंदौर। विधानसभा तीन के विधायक गोलू शुक्ला के पंडित और एक कार्यकर्ता से पुलिस को अभद्रता करना भारी पड़ी। देर रात वरिष्ठ अधिकारियों ने एरोड्रम थाना के टीआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह और एसआई सहित सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इसको लेकर देर रात तक एरोड्रम थाने पर हंगामा चलता रहा।
पंडितजी के पड़ोसियों ने की थी मारपीट
बताया जाता है कि गोलू शुक्ला के पंडित जयदीप दुबे से उनके पड़ोसियों ने मारपीट और अभद्रता की थी। यह घटना दोपहर की है। इसके बाद करीब दोपहर तीन बजे पंडितजी ने विधायक शुक्ला को फोन लगाया। उन्होंने टीआई से बात की और टीआई ने शाम 6 बजे के करीब पंडितजी को थाने भेजने को कहा।
👉 यह भी पढ़ें:
- यशवंत क्लब में निर्माण टेंडर पर विवाद : जो सदस्य हर फैसले में रहे साथ, वही अब उठा रहे आपत्ति
- स्टांप ड्यूटी घोटाले पर एक्शन में ईडी, बिल्डर विवेक चुघ को नोटिस, रजिस्ट्रार और उप रजिस्ट्रार भी नपेंगे
- अपर आयुक्त के फर्जी आदेश मामले में दो बाबू और एक पटवारी की भूमिका, कार्रवाई की तैयारी
- इंदौर: लवकुश फ्लाईओवर की दूसरी भुजा सितंबर से खुलेगी, जाम से मिलेगी राहत
- इंदौर: 33 साल बाद भी हुकमचंद मिल के 380 परिवारों को नहीं मिला हक का पैसा, इंतजार बरकरार
- इंदौर में सरकार पर बरसे उमंग सिंघार, बोले- छात्र हनुमान जैसे, लंका जलना तय
थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने की मारपीट
सूत्र बताते हैं कि गोलू शुक्ला ने अपने कार्यकर्ता पंकज चौबे के साथ पंडितजी को थाने भेजा। वहां करीब सात बजे जब वे लोग पहुंचे तो एरोड्रम थाने के कुछ पुलिसकर्मिर्यों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। इसके बाद उन्हें थाने में बिठा लिया।
रात तीन बजे तक डटे रहे कार्यकर्ता
थाने के अंदर चल रहे घटनाक्रम की जानकारी लगते ही गोलू शुक्ला के समर्थक एकत्रित होने लगे। रात 11 बजे तक काफी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बताया जाता है कि रात तीन बजे डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हम टीआई और कुछ पुलसकर्मियों को सस्पेंड कर रहे हैं। इसके साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि जिन लोगों ने पंडितजी के साथ मारपीट की है, उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई कर रहे हैं जिससे वे कम से कम 15 दिन जेल में रहेंगे।
एडिशनल डीसीपी ने की कार्रवाई की घोषणा
इसके बाद एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा ने इस कार्रवाई की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच उन्होंने की है। प्रथमदृष्टया गड़बड़़ियां पाई गई हैं। इसके कारण टीआई के अलावा छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा रहा है। इसमें एक सब इंस्पेक्टर भी शामिल है।
सीसीटीवी में कैद हुई है पुलिस की करतूत
सूत्र बताते हैं कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पुलिसकर्मियों की करतूत कैद हुई है। इसमें पुलिसकर्मी पंडितजी और भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल तक पहुंचा था मामला
सूत्र बताते हैं कि यह मामला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तक भी पहुंचा था। कल प्रदेश अध्यक्ष एक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर आए थे। बताया जाता है कि बवाल मचने के बाद गोलू शुक्ला तथा कुछ अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से संपर्क किया। इसके बाद कार्रवाई के निर्देश जारी हुए।



