मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के लिए आज मतगणना जारी है। अब तक के रुझानों में भाजपा नीत महायुति की एकतफा आंधी चल रही है। अगर नतीजे रुझानों के अनुसार रहते हैं तो भाजपा महाराष्ट्र में अब तक सबसे ज्यादा सीटें जीतने का रिकॉर्ड बना सकती है। अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजो में भाजपा नीत महायुति की जीत का अनुमान लगाया गया था। रुझानों से साफ है कि पीएम मोदी का नारा-एक हैं तो सेफ हैं और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का नारा-कटेंगे तो बंटेंगे इस चुनाव में तुरूप का पत्ता साबित हुआ है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना की तर्ज पर महिलाओं को हर महीने राशि देने का फार्मूला भी काम कर गया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र चुनाव में बंटेंगे तो कटेंगे नारे पर जमकर बवाल मचा था। विपक्ष अपनी हर सभा में इस नारे का जिक्र कर भाजपा पर वार कर रहा था, वहीं भाजपा के कुछ नेता भी इससे बगले झांकते नजर आ रहे थे। भाजपा के सहयोगी भी विरोध में बोल रहे थे। अजीत पवार ने कहा था कि यह नारा महाराष्ट्र में नहीं चलेगा। भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने भी इस नारे के खिलाफ बयान दिया था। ऐसा लगा कि भाजपा में ही योगी का विरोध हो जाएगा और उन पर अंकुश लगाने की कोशिश होगी, लेकिन हुआ इसके ठीक उल्टा। पीएम नरेंद्र मोदी भी एक नारा लेकर आए-एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।
👉 यह भी पढ़ें:
- भाजपा की संकल्प सभा में सफाईकर्मियों का हंगामा, नेताओं को करना पड़ा विरोध का सामना
- अमित शाह कर गए टीम मोहन यादव की तारीफ, कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात के लगने लगे सियासी मायने
- मिशन 2028 : कोई भागवत करा रहा, कोई पोते की खुशी में लड्डू बांट रहा, तो कोई निकाल रहा चुनरी यात्रा
- कैलाशजी, मंत्रिमंडल की बैठक में आप खुद ही नहीं जाते, फिर सीएम क्या आपके घर आकर बात करें या फिर हर दिन फोन लगाएं?
- मंत्री विजयवर्गीय का एक ही फंडा- न खाता न बही, जो मैं कहूं वही सही…
- भाजपा की दुखती रग पर राहुल गांधी का हाथ, लाख रोड़े अटकाए फिर भी सरकार के कानों तक गूंज रही छात्रों की आवाज
इन्ही नारों से हुआ कांग्रेस और एमवीए पर वार
पीएम मोदी के नारे के बाद भाजपा पूरे चुनाव कैंपेन में यह कहती रही कि कांग्रेस पिछड़ी जातियों को टुकड़े-टुकड़े में बांटना चाहती है। यह संदेश दिया जाने लगा कि किसी भी हाल में हिन्दू वोटों का बंटवारा न हो। अगर महायुति की सरकार बनती है तो निश्चित तौर पर मोदी और योगी के इस साहसी कदम की दाद देनी पड़ेगी।
लाडकी बहीण योजना ने भी दिखाया कमाल
मध्यप्रदेश में भाजपा की बंपर जीत के पीछे लाड़ली बहना योजना को माना जाता है। इसी का नतीजा है कि हर चुनाव में अब भाजपा ऐसी योजना की घोषणा करने लगी है। चाहे वह हरियाणा हो, झारखंड हो या महाराष्ट्र। इतना ही नहीं इस योजना की सफलता को देखते हुए कांग्रेस को भी ऐसी ही योजना की घोषणा करनी पड़ी। महाराष्ट्र में भी यह लाडकी बहीण योजना भाजपा के लिए गेमचेंजर साबित हो रही है। महाराष्ट्र में भी महिलाओं के खाते में पैसे आए और आगे आने की उम्मीद में हो सकता है उन्होंने भाजपा को वोट किया हो। भाजपा ने अपनी इस योजना का जमकर प्रचार किया था और महाविकास अघाड़ी पर यह आरोप भी लगाया था कि वह इस योजना को बंद करने पर उतारू है। इसका असर नतीजों पर साफ दिख रहा है।



