इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम ओमनारायण बड़कुल को काम में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस दिया है। बड़कुल ने नियमों को ताक पर रख कर कनाड़िया की एक जमीन के संबंध में आदेश पारित कर दिया, जबकि इसमें कलेक्टर की अनुमति जरूरी थी। कलेक्टर ने नोटिस में सात दिन के अंदर जवाब मांगा है, नहीं तो एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला ग्राम अरंडिया तहसील कनाड़िया स्थित सर्वे नंबर 208/2/1/2/1,208/2/1/2/2 की 0.364 हेक्टेयर जमीन का है। इस प्रकरण में 23 जनवरी 26 को आवेदिका सुरजीत कौर पति सुरजीत सिंह अरोरा निवासी खातीवाला टैंक ने आवेदन दिया था। आवेदन में कहा गया था कि खसरे में रिकॉर्ड सही है, परन्तु नक्शे में त्रुटिवश 208/2/3 खसरा चढ़ा हुआ है। इसमें संशोधन के लिए एसडीएम के न्यायालय में नक्शा संशोधन करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। उक्त प्रकरण में त्रुटि पांच वर्ष से अधिक पहले की होने से सुधार की कार्यवाही प्रारंभ करने हेतु कलेक्टर की अनुमति जरूरी थी। इसके लिए अनुमति लिए जाने हेतु प्रकरण अपर कलेक्टर जिला इन्दौर के न्यायालय में अंतरित किया गया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- सांसद ने एयरपोर्ट पर सीएम को दिया कार्यक्रम में आने का निमंत्रण, चर्चा ऐसी कि सियासी भूचाल आ गया
- 13 गृह निर्माण संस्थाओं के ऑडिट पर कलेक्टर की सख्ती, उपायुक्त को नोटिस
- पिता की बात निकली तो कविता पाटीदार की आंखों से निकले आंसू
- खाने-पीने वाले इंदौर की पहचान मिटा रहा सयाजी होटल, जांच में मिली इतनी गड़बड़ियां कि हैरान है शहर
- गृह निर्माण संस्थाओं को एडीएम की चेतावनी-दो दिन में सारे रिकॉर्ड जमा कराओ, ऑडिट पेंडिग रहने पर लगाया जुर्माना
- नगर निगम के नामांतरण घोटाले में दो कर्मचारी निलंबित, तीन बर्खास्त
बिना अनुमति ही कर दिया संशोधन
कलेक्टर द्वारा नोटिस में कहा गया है कि एसडीएम बड़कुल को आपत्तियों का निराकरण कर प्रकरण पुनः प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बड़कुल ने नायब तहसीलदार, तहसील कनाड़िया से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर आवेदनकर्ता द्वारा प्रस्तुत आवेदन को स्वीकार कर लिया। इसके बाद 23 जनवरी 26 को इस प्रकरण में आदेश भी पारित कर दिया गया।
नोटिस में विभागीय कार्रवाई की दी चेतावनी
कलेक्टर ने अपने नोटिस में कहा है कि क्यों न एसडीएम बड़कुल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने के प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा जाए। नोटिस में सात दिन में जवाब मांगा गया है। समायवधि में जवाब नहीं मिलने पर एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों की मौत पर पूर्व कलेक्टर ने की थी कार्रवाई
यह वही एसडीएम बड़कुल हैं, जो कुछ समय पहले मल्हारगंज के श्री युगपुरुष धाम आश्रम में हुई बच्चों की मौत पर हंसने के मामले में बदनाम हुए थे। उस समय तबीयत बिगड़ने से 5 बच्चों की मौत हो गई है 20 बच्चों को इलाज के लिए चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर एसडीएम बड़कुल खुद मौके पर पहुंचे, लेकिन वे कार्रवाई की बजाय आश्रम संचालिका अनिता शर्मा के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए। इसका एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर आशीष सिंह ने एसडीएम ओम नारायण बड़कुल को हटाकर निर्वाचन कार्यालय भेज दिया था।



