इंदौर। इंदौर में 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आ रहे हैं। यह कार्यक्रम सुपर कॉरिडोर पर जहां आयोजित हो रहा है वह इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की जमीन है। बताया जाता है कि इसके लिए आईडीए से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई।
उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी का कार्यक्रम छात्रों की गूंज होना है। इसकी अनुमति के लिए कांग्रेस काफी दिनों से भटक रही थी। पहले नेहरू स्टेडियम मांगा, लेकिन नहीं मिला। फिर रीजनल पार्क के सामने आईडीए की खाली पड़ी जमीन पर कार्यक्रम होना तय हुआ। इसके लिए आईडीए ने कई शर्तों के साथ मोटी फीस जमा कराकर कांग्रेस को परमिशन दी है।
👉 यह भी पढ़ें:
- कहीं राहुल गांधी के कार्यक्रम से डर तो नहीं गई भाजपा, आनन-फानन में नितिन नवीन के दौरे का क्या अर्थ लगाएं?
- अपनी पुरानी विधानसभा में एक बार फिर ताकत दिखाएंगे सुदर्शन गुप्ता, चुनरी यात्रा से बनेगा माहौल
- पार्षद जीतू यादव की एमआईसी में वापसी, रमेश मेंदोला के आगे नहीं चला किसी का दम
- राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले ‘लेटर वॉर’
- राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए भाजपा नगर अध्यक्ष ने पटवारी को लिखा पत्र, सुझाए कई स्थान
- राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने खेला दांव, डेली कॉलेज से मांगी जगह
आईडीए के पास नहीं पहुंचा कोई पत्र
आडीईए के सूत्र बताते हैं कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यक्रम की अनुमति के लिए उसके पास कोई पत्र नहीं पहुंचा है। यहां तक कि कोई विधिवत सूचना भी नहीं दी गई है।
सरकारी के साथ संगठन का भी कार्यक्रम
नितिन नवीन का यह कार्यक्रम सरकारी होने के साथ ही संगठनात्मक भी है। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के बाद वे पहली बार इंदौर आ रहे हैं और इसकी तैयारियों में संगठन जुटा हुआ है। ऐसे में आईडीए से किसी भी तरह की अनुमति नहीं लेने पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वामित्व योजना का बांटेंगे सर्टिफिकेट
नितिन नवीन 17 सितंबर को सुपर कॉरिडोर स्थित मैदान में स्वामित्व योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे योजना के कुछ लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सर्टिफिकेट देंगे और इसके बाद संबोधित करेंगे। नवीन के इंदौर में करीब सवा घंटे से अधिक रुकने की संभावना है। इस सरकारी कार्यक्रम के लिए भाजपा संगठन भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की व्यवस्था में जुटा है। बताया जाता है कि यहां लोगों को लाने के लिए 1800 से ज्यादा बसों की व्यवस्था की जा रही है।
सरकारी से ज्यादा संगठनात्मक कार्यक्रम
यह कार्यक्रम इसीलिए तय किया गया था कि 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी आ रहे हैं। राहुल के कार्यक्रम के लिए काफी संख्या में युवाओं को समर्थन मिला है। भाजपा ने इससे पहले ही अपनी ताकत दिखाने के लिए यह आयोजन किया है। सूत्र बताते हैं कि इसे सिर्फ सरकारी रूप देने की कोशिश की गई है, वैसे यह पूरी तरह से भाजपा का आयोजन ही है।



