नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के दौरे पर हैं। वहां पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात के दौरान उन्हें मेलोडी टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर इस कदर वायरल हुआ कि इसे कुछ ही घंटों में 11.2 करोड़ (112 मिलियन) से अधिक व्यूज मिल गए। विपक्ष ने इसको लेकर पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने नौटंकी करार दिया
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इटली की पीएम मेलोनी के दिए कैंडी उपहार को लेकर हमला बोला है। उन्होंने इस कृत्य को नेतृत्व नहीं, बल्कि एक नौटंकी करार दिया है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि आर्थिक तूफान सिर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं – पीएम हंसकर रील बना रहे हैं, और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।
👉 यह भी पढ़ें:
- पीएम मोदी के भाषण पर छात्र आंदोलन का असर, 76 मिनट में 52 बार याद आए युवा और नौजवान
- रेवती रेंज में मंत्रीजी ने पौधों से बनवाई पीएम की ऐसी तस्वीर, मोदीजी अगर देख लें तो सिर पीट लें
- Rahul Gandhi का बड़ा बयान- मोदी और शाह को इस्तीफा देने तक सोने नहीं देंगे
- Kharge ने कहा-सदन में जवाब दें मोदी-शाह, नहीं तो इस्तीफा दें
- Arvind Kejriwal का विवादित बयान-सीजेपी प्रोटेस्ट में लोग मोदी को ठोकने आए थे, भड़की भाजपा
- Mallikarjun Kharge : कांग्रेस अध्यक्ष ने साधा पीएम मोदी पर निशाना, कहा-चढ़ावा चोरी पर सदन में आकर जवाब देना चाहिए
खड़गे ने कहा-सरकार की मिज़री झेल रहे लोग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पीएम जियोर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ चॉकलेट भेंट करने पर तीखा तंज कसा है। खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार आम जनता को भाषणों की “मेलोडी” (मधुरता) सुनाना चाहती है, जबकि देशवासी सरकार की “मिज़री” (दुख, लूट और महंगाई) झेल रहे हैं।
पवन खेड़ा ने कहा-खिलवाड़ कर रहे मोदी
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि आज देश विपक्ष से उम्मीद करता है कि वह देश के दिल में उठ रहे गुस्से, दुख और विश्वासघात की भावना को आवाज़ दे, और राहुल गांधी ने बड़ी कुशलता से वह आवाज़ उठाई है। क्या यह कोई मज़ाक है? देश के प्रधानमंत्री, भारत के प्रधानमंत्री, आप किस तरह की हरकतें कर रहे हैं? ये सब क्या चल रहा है? देश की छवि है, देश के प्रधानमंत्री के पद की छवि है—इसके साथ खिलवाड़ मत कीजिए।
मनोज झा बोले-कूटनीति का कैरेमल युग
राजद सांसद मनोज झा ने लिखा कि कभी जो ‘मेलोडी टॉफी’ महज बच्चों की जेब, किराने की दुकानों और छुट्टे पैसे की संस्कृति का हिस्सा हुआ करती थी, वह अब वैश्विक कूटनीति की नई दूत बन चुकी है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को एक साधारण-सी टॉफी का पैकेट दिया, जो देखते ही देखते ‘मेलोडी’ से ‘मेलोनी’ में रूपांतरित हो गया। अंतरराष्ट्रीय संबंधों के गंभीर अध्येताओं के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण हो गया है, जहां कैरेमल ने कूटनीति को पीछे छोड़ दिया और रैपर ने राजनयिक दस्तावेजों की जगह ले ली। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘एक समय था जब देशों के रिश्ते संधियों, रणनीतिक वार्ताओं और गोपनीय नोट्स से तय होते थे। अब वही काम सेल्फी, हैशटैग और टॉफी के पैकेट बड़ी दक्षता से निभा रहे हैं।
पारले कंपनी को तो मजा आ गया
पीएम के चॉकलेट भेंट करने का वीडियो वायरल होने पर पारले कंपनी को तो जैसे मजा ही आ गया। कंपनी ने अपने पोस्ट में लिखा,’ धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, Parle Melody को ग्लोबल मंच पर ले जाने के लिए। Parle Products में हम सभी के लिए यह एक गर्व का क्षण है कि हम अपने एक पसंदीदा भारतीय प्रोडक्ट को सीमाओं के पार भी साझा होते हुए देख रहे हैं।’
झालमुड़ी से भी तीखी निकली चॉकलेट
इससे पहले पीएम मोदी ने जब पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान झालमुड़ी खाई थी तो ऐसा ही हंगामा हुआ था। सोशल मीडिया पर जहां पीएम का झालमुड़ी खाते वीडियो धमाल मचा रहा था, वहीं विपक्ष को जमकर मिर्ची लगी थी। उस समय तो झालमुड़ी थी, जो तीखी होती ही है लेकिन इस बार तो मीठी चॉकलेटी मेलोडी से ही विपक्ष को जमकर मिर्ची लगी है।



