इंदौर। मुहर्रम के अवसर पर इस बार भी इंदौर के कर्बला मैदान पर मुहर्रम का मेला लगेगा। दो दिन पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मेले की अनुमति देने से इनकार किया था। गुरुवार को निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने मेले की अनुमति दे दी। इसकी पुष्टि मेला कमेटी से जुड़े लोगों ने की है।
उल्लेखनीय है कि इंदौर में मोहर्रम के दौरान कर्बला मैदान पर हर वर्ष मेला आयोजित किया जाता है, लेकिन इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मेले की अनुमति नहीं दी गई थी। मेला समिति द्वारा अनुमति के लिए इंदौर महापौर और नगर निगम को आवेदन दिया गया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिली थी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- आईडीए की संपदा शाखा में 20 महीने से फाइल दबा कर रखा था बाबू, संभागायुक्त की बैठक में खुली पोल, रोका वेतन
- जीतू यादव की एमआईसी की राह में रोड़ा, महापौर और नगर अध्यक्ष कर रहे रमेश मेंदोला के साथ खेला!
- सीएम के कार्यक्रम में प्रोटोकॉल टूटा, कुर्सी न मिलने से नाराज गौरव रणदिवे ने बीच में छोड़ा कार्यक्रम
- नए संभागायुक्त को देख खुश हुआ एमवाय अस्पताल, सोच रहा है-शायद अब दूर हो जाएगी बेहाली
- स्वतिक ग्रैंड कॉलोनी के मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा ने दिखाई ‘सख्ती’, तो ‘नरम’ पड़ गए संभागायुक्त सुदाम खाड़े, सारी ‘मेहनत’ पर फेरा पानी
- महापौरजी, कम से कम अपने पड़ोसियों से तो ‘मित्रता’ निभा लेते, उनके विरोध के बाद भी खोद डाला सुदामा नगर
नगर निगम की है जमीन
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि धोबी घाट की जमीन निगम के स्वामित्व की है। कोर्ट ने सितंबर 2024 में ही इस पर मुहर लगा दी थी। कोर्ट ने फैसले में स्पष्ट किया है कि 0.02 एकड़ जमीन पर ताजिए ठंडे करने की अनुमति रहेगी, शेष जमीन निगम की है। निगम अब तक मेले की अनुमति देता था, लेकिन इस बार हमने कई कारणों से तय किया है कि मेले के लिए जमीन देने सही नहीं है।
वर्ष 2024 में जीता था निगम
धोबी घाट की 6.7 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय कोर्ट में विवाद चला। सितंबर 2024 में जिला कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाते हुए साफ किया था कि यह जमीन नगर निगम के स्वामित्व की है। कोर्ट ने इस 6.7 एकड़ जमीन में से सिर्फ 0.02 एकड़ जमीन ताजिए ठंडा करने के लिए होने की बात कही थी। कोर्ट ने फैसले में स्पष्ट किया था कि 0.02 एकड़ जमीन पर ताजिए ठंडे करने की अनुमति रहेगी, शेष जमीन इंदौर नगर निगम की है।
निगम कमिश्नर ने दे दी मेले की अनुमति
गुरुवार को पता चला कि मेला कमेटी को निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने अनुमति दे दी है। इसकी जानकारी शायद महापौर पुष्यमित्र भार्गव को नहीं थी। मेला कमेटी के सदस्यों ने इसकी जानकारी मीडिया को दी।
कमेटी के नाम जारी हुई अनुमति
आज यानी गुरुवार 25 जून को मो.अब्दुल हमीद नियारगर अध्यक्ष वक्फ इंतेजामिया कमेटी के नाम से नगर निगम ने अनुमति पत्र जारी किया है। अपर आयुक्त मार्केट की तरफ से जारी इस पत्र में तीन दिन के मेले के लिए 1,36, 007 रुपए वसूले गए हैं।
महापौर बोले-पता करता हूं
इस संबंध में जब महापौर पुष्यमित्र भार्गव से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पता करके बताता हूं।
कमेटी वालों ने सबका किया शुक्रिया
इंदौर जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष रेहान शेख ने मेले की अनुमति देने की पुष्टि करते हुए सबका शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि महापौर, निगम कमिश्नर, कलेक्टर, शहर काजी और उन सबका शुक्रिया, जिन्होंने अनुमति दिलाई है। शेख ने कहा कि यह मेला 200 सालों से लगता है, इस बार और अच्छा मेला लगाने की कोशिश करेंगे।
महापौर ने निगमायुक्त की कर दी शिकायत
सूत्र बताते हैं कि महापौर को निगमायुक्त द्वारा मेले की अनुमति दिए जाने की जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने पता चला उन्होंने भोपाल में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तथा अधिकारयों को इस संबंध में जानकारी दे दी है। बताया जाता है कि महापौर ने इस बार पर नाराजगी जाहिर की है कि उनके इनकार के बाद भी आखिर अनुमति कैसे दे दी गई।



