इंदौर। पूरा शहर पिछले कुछ दिनों से शिलांग से लापता इंदौर के राजा रघुवंशी और उसकी पत्नी सोनम को लेकर परेशान है। दोनों शादी के बाद हनीमून मनाने शिलांग गए थे। 2 जून को राजा का शव मिलने के बाद सोनम को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश में शिलांग पुलिस भी रात-दिन एक कर रही थी। सीएम डॉ.मोहन यादव से लेकर सांसद शंकर लालवानी तक प्रयास कर रहे थे। सीएम ने तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की सिफारिश भी कर दी, लेकिन आज जो सच सामने आया वह न केवल इंदौर पूरे देश के लिए शर्मनाक है।
नोटबंदी के समय एक 10 रुपए के नोट की खूब चर्चा हो रही थी, जिस पर लिखा था सोनम गुप्ता बेवफा है। अब वह सोनम बेवफा थी या नहीं इसका पता आजतक नहीं चला, लेकिन यह इंदौरी सोनम जरूर बेवफा निकली। सोनम, तुमने पूरे देश में अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इंदौर और मध्यप्रदेश की नाक कटवा दी। अगर मन में कुछ था तो शादी से मना कर सकती थी, लेकिन राजा की जान लेकर तुझे क्या मिला? पूरा इंदौर तुम्हें घृणा की दृष्टि से देख रहा है। अगर कानून के जाल से तुम बच भी गई तो कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी।
👉 यह भी पढ़ें:
- अपमान का घूंट पीकर भी सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में पहुंचे विजयवर्गीय, सीएम के आने से पहले ही मार गए कलटी!
- चुनरी यात्रा के बहाने विधानसभा एक में ‘सुदर्शन चक्र’, होर्डिंग-बैनर से मंत्रीजी गायब!
- मंत्री की बैठक से दूरी बनाने के बाद बोलीं विधायक मालिनी गौड़- ऐसी बैठकों में जाने का कोई मतलब नहीं
- मंत्रीजी की बैठक से अधिकांश विधायकों ने बनाई दूरी, नाराज होकर बोले-शायद उनके क्षेत्र में पानी की दिक्कत नहीं होगी
- 19 साल तक सोता रहा आईडीए, आंखों पर पट्टी बांधे बैठे रहे विभाग, सुपर कॉरिडोर की जमीन पर सुरेश भदौरिया का खेल
- करोड़पति निकला इंदौर का प्रधान आरक्षक, 15 ठिकानों पर लोकायुक्त की एक साथ कार्रवाई
अपने ही कर्मचारी के प्रेम में थी सोनम
इंदौर की सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी और कर्मचारियों के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की शिलांग में हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद वह नेपाल भागने की फिराक में थी, लेकिन पुलिस ने उसे गाजीपुर में गिरफ्तार कर लिया। मामले में कुल चार आरोपी पकड़े गए हैं। सोनम का अपने ही यहां काम करने वाले पांच साल छोटे कर्मचारी राज कुशवाह से प्रेम संबंध था। इसी प्रेम कहानी ने एक खौफनाक साजिश को जन्म दिया, जिसकी कीमत राजा रघुवंशी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। सोनम रघुवंशी का प्लाईवुड का व्यापार है और राज कुशवाह उसी फर्म में बिलिंग का काम करता था। दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और जल्द ही यह रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। लेकिन इस प्यार में सबसे बड़ी रुकावट बना सोनम का पति राजा रघुवंशी। शादी के बाद भी सोनम का प्रेमी से रिश्ता जारी रहा। फिर एक दिन उन्होंने मिलकर एक खौफनाक प्लान बनाया, राजा को रास्ते से हटाने का।
सोनम और राज ने मिलकर रची हत्या की साजिश
सोनम और राज ने मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची। राज ने अपने तीन दोस्तों विशाल सिंह, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत को भी इस योजना में शामिल किया। तीनों को पहले ही गुवाहाटी भेज दिया गया था, जहां से वे शिलांग पहुंचे। उन्होंने किराए पर बाइक ली और प्लान के अनुसार सोनम और राजा के पीछे-पीछे डबल डेकर एरिया तक पहुंच गए। वहीं सोनम ने राजा को अकेले उस इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
नेपाल भागने की जुगत में लगे थे आरोपी
हत्या के बाद सोनम फरार हो गई और एक हफ्ते से लगातार रात के समय सफर करके पुलिस से बचने की कोशिश कर रही थी। वह वाराणसी से गोरखपुर होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थी। लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से उसे गाजीपुर से दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में सोनम सहित चार लोगों राज कुशवाह, विशाल सिंह, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपियों से और भी जानकारी जुटा रही है।
सोनम की सास को था शक
इधर, सोनम की सास उमा रघुवंशी ने भी अब एक बड़ा खुलासा किया है। उमा कहना है कि सोनम पर उनको पहले ही शक हुआ था, लेकिन तब वो कुछ समझ नहीं पाई। उमा ने बताया कि सोनम पर उनको तब शक हुआ जब पता चला कि उसने शिलांग जाने की प्लानिंग पहले से कर रखी थी। उसने पहले से ही टिकट करा रखे थे और ये बात किसी को बताई भी नहीं थी। दोनों यहां से कामाख्या जानें की बात कह कर निकले थे। फिर वहां पहुंच कर बताया कि आगे उनका प्लान शिलांग जाने का है।



