नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद साझा बयान जारी किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और रूस की मित्रता एक ध्रुवतारे की तरह है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने जम्मू–कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत और रूस एकजुट है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और रूस ने लंबे समय से कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर किया गया कायरतापूर्ण आघात, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवीय मूल्यों पर सीधा प्रहार है। इसके विरुद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले सालों में हमारी दोस्ती हमें ग्लोबल चुनौतियों का सामना करने की ताकत देगी और यह भरोसा हमारे साझा भविष्य को और बेहतर बनाएगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- BRICS शिखर सम्मेलन 2026: PM मोदी की 15 द्विपक्षीय बैठकें और 10 बड़े फैसले
- BRICS के 20 साल: पीएम मोदी ने बताया कैसे 4 देशों से बढ़ा 21 देशों का परिवार
- PM मोदी का बड़ा सवाल: क्या अब इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए ‘फोर्थ-पार्टी ऑडिट’ की जरूरत?
- 80वें स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी का संदेश: शहीदों को नमन, विकसित भारत का संकल्प
- राहुल गांधी की विदेश नीति वाली टिप्पणी पर घमासान: राजनाथ सिंह के बयान से गरमाई सियासत
- राहुल गांधी की ‘हग डिप्लोमेसी’ वाली नकल पर सियासी घमासान, मेलोनी के जिक्र से बढ़ा विवाद
रूस और भारत की दोस्ती ध्रुवतारे जैसी
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले आठ दशकों में विश्व में अनेक उतार चढ़ाव आए हैं। मानवता को अनेक चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है और इन सबके बीच भी भारत–रूस मित्रता एक ध्रुव तारे की तरह बनी रही है।पीएम मोदी ने कहा कि परस्पर सम्मान और गहरे विश्वास पर टिके ये संबंध समय की कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं। उन्होंने कहा कि आज हमने इस नींव को और मजबूत करने के लिए सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की है। पीएम मोदी ने कहा कि पंद्रह साल पहले, 2010 में हमारी पार्टनरशिप को स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था। पिछले ढाई दशकों से, उन्होंने (राष्ट्रपति पुतिन) अपनी लीडरशिप और विजन से इस रिश्ते को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर हाल में उनकी लीडरशिप ने हमारे रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मैं इस गहरी दोस्ती और भारत के प्रति पक्के कमिटमेंट के लिए अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
पुतिन ने कहा- भारत-रूस का संबंध और गहरा होगा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि भारत की उनकी राजकीय यात्रा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान हस्ताक्षरित समझौते रूस-भारत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत तथा गहन बनाएंगे, क्योंकि दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने इस साल की शुरुआत में चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के दौरान हुई अपनी मुलाकात को याद किया।पुतिन ने कहा कि हम सबसे बड़े भारतीय न्यूक्लियर प्लांट के निर्माण की परियोजना पर भी काम कर रहे हैं। छह में से तीन रिएक्टर पहले ही ऊर्जा नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। पुतिन ने कहा कि पिछले साल भारत–रूस द्विपक्षीय व्यापार 12 फीसदी बढ़कर लगभग 64 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि मुझे बुलाने के लिए आपका बहुत–बहुत धन्यवाद। पुतिन ने कहा कि पिछले कुछ सालों में आपने हमारे रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए बहुत काम किया है। हम हाई–टेक एयरक्राफ्ट, स्पेस एक्सप्लोरेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समेत सहयोग के लिए और भी क्षेत्र खोल रहे हैं।



