नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले स्मरणोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया। इसके साथ ही वंदे मातरम् वेबसाइट भी लॉन्च किया गया।
पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि वंदे मातरम, ये शब्द एक मंत्र है, एक ऊर्जा है, एक स्वप्न है, एक संकल्प है। वंदे मातरम, ये शब्द मां भारती की साधना है, मां भारती की आराधना है। वंदे मातरम, ये शब्द हमें इतिहास में ले जाता है। ये हमारे वर्तमान को नए आत्मविश्वास से भर देता है और हमारे भविष्य को ये नया हौसला देता है कि ऐसा कोई संकल्प नहीं जिसकी सिद्धि न हो सके, ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जिसे हम भारतवासी पा न सकें।
👉 यह भी पढ़ें:
- बंगाल के मदरसों में अब गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, शुभेंदु सरकार का बड़ा आदेश
- वंदे मातरम विवाद की धीरे-धीरे खुल रही पोल, भाजपा-कांग्रेस की मिलीजुली कुश्ती हो रही उजागर, जनता पूछ रही इंदौर में और कोई मुद्दा नहीं बचा क्या?
- वंदे मातरम विवाद पर बोले जीतू पटवारी–जिस दल की मातृ संस्था ने 50 वर्षों तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया, वह हमें राष्ट्रभक्ति पढ़ा रही है
- वंदे मातरम विवाद पर सीएम मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का मांगा इस्तीफा, कहा-राहुल गांधी दें स्पष्टीकरण
अपने संबोधन में पीएम ने कहा, गुलामी के उस कालखंड में ‘वंदे मातरम्‘ इस संकल्प का उद्घोष बन गया था कि भारत की आजादी का मां भारती के हाथों से गुलामी की बेड़ियां टूटेंगी। उसकी संतानें स्वयं अपने भाग्य की विधाता बनेंगी। मैं देश के लाखों महापुरुषों को, मां भारती की संतानों को वंदे मातरम् के लिए जीवन खपाने के लिए आज श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं और देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं।
डाक टिकट और सिक्का किया जारी
पीएम मोदी ने कहा कि 7 नवंबर 2025 का दिन बहुत ऐतिहासिक है। आज हम वंदे मातरम् के 150वें वर्ष का महाउत्सव मना रहे हैं। यह पुण्य अवसर हमें नई प्रेरणा देगा, कोटि–कोटि देशवासियों को नई ऊर्जा से भर देगा। इस दिन को इतिहास की तारीख में अंकित करने के लिए आज वंदे मातरम् पर एक विशेष सिक्का और डाक टिकट भी जारी किए गए हैं।


