नई दिल्ली। अमेरिका से टैरिफ विवाद के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर चर्चा की। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ यूक्रेन में जारी संघर्ष पर चर्चा की और द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को यूक्रेन से संबंधित ताजा घटनाक्रमों की जानकारी दी। इसके बाद पीएम मोदी ने पुतिन को उनके विस्तार से किए गए आकलन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। इसके साथ ही रूस–यूक्रेन के संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में भारत के स्थायी रुख को फिर से दोहराया। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत–रूस के संबंधों और द्विपक्षीय एजेंडे में हुई प्रगति की भी समीझा की। दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने को लेकर प्रतिबद्धता को दोहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में होने वाले भारत–रूस के वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
👉 यह भी पढ़ें:
- World Environment Day: PM मोदी का बड़ा संदेश, ग्रीन इंडिया को लेकर कही अहम बात
- Subhash Kashyap Death News: PM Modi समेत देश के शीर्ष नेताओं ने जताया शोक
- पीएम मोदी ने दी बकरीद की मुबारकबाद, कहा- “देश में भाईचारा और खुशियां हों मजबूत”
- स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, विश्व मंच पर बढ़ा भारत का गौरव
वर्तमान परिस्थितियों में अहम बातचीत
दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत इसलिए अहम है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने पर 50 फीसदी टैरिफ लगाकर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और विस्तृत बातचीत हुई। मैंने यूक्रेन पर नवीनतम घटनाक्रम साझा करने के लिए उनका धन्यवाद किया। हमने अपने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत–रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मैं इस वर्ष के अंत में भारत में राष्ट्रपति पुतिन की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं।


