पाकिस्तान लगातार कर रहा नापाक कोशिश, पुंछ में गुरुद्वारे को भी बनाया निशाना, तीन की मौत

Date:

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार नापाक कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान भारत के सैन्य ठिकानों, रहवासी इलाकों को टारगेट कर रहा है। पुंछ में एक गुरुद्वारे को भी पाकिस्तान ने निशाना बनाया है। हालांकि भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह जानकारी गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दी।
कर्नल सोफिया ने बताया कि गुरुवार को भारत के सीमावर्ती राज्यों के कई ठिकानों को निशाना बनाया था। जिसे नाकाम कर दिया गया था। इन हमलों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था। कुरैशी ने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया था, जबकि पाकिस्तान ने सात-आठ मई को उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई ठिकानों पर ड्रोन हमले करने प्रयास किया गया।
इस तरह पाकिस्तान को दिया जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि 07-08 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। इन्हें एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बेअसर कर दिया गया। इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं जो पाकिस्तानी हमलों को साबित करते हैं। इसके जवाब में आज सुबह, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को निशाना बनाया। भारत की प्रतिक्रिया पाकिस्तान की तरह ही समान क्षेत्र में और समान तीव्रता के साथ रही है। विश्वसनीय रूप से पता चला है कि लाहौर में एक वायु रक्षा प्रणाली को निष्प्रभावी कर दिया गया है।
गोलीबारी का जवाब दे रहा है भारत
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर आर्टिलरी का उपयोग करते हुए नियंत्रण रेखा पर अपनी अकारण गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है। पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय सशस्त्र बल गैर-वृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, बशर्ते कि इसका पाकिस्तानी सेना द्वारा सम्मान किया जाए।
गुरुद्वारे पर हमले में तीन की मौत
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि हमने सात मई को केवल आतंकी शिविरों को ही निशाना बनाया। इसके बावजूद पाकिस्तान ने भारत के पुंछ में सिख गुरुद्वारे पर हमला किया। सिख समुदाय को निशाना बनाया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हम इसकी निंदा करते हैं। विदेश सचिव ने कहा कि वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में पाकिस्तान की प्रतिष्ठा कई उदाहरणों में निहित है। मुझे यह याद दिलाने की जरूरत नहीं है कि ओसामा बिन लादेन कहां पाया गया था और किसने उसे शहीद कहा था। पाकिस्तान बड़ी संख्या में संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों और कई देशों द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों का भी घर है।
पाकिस्तान के जन्म लेते ही झूठ शुरू हो गया था
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि भारत ने तनाव नहीं बढ़ाया है, जवाब दिया है। हर धर्म के लोगों ने पाकिस्तान की निंदा की है। पाकिस्तान के जन्म लेते ही झूठ शुरू हो गया था। संयुक्त राष्ट्र से भी पाकिस्तान ने झूठ बोला। बाद में उनको मुंह की खानी पड़ी। मिस्री ने कहा कि यह अजीब है कि पाकिस्तान में नागरिकों के अंतिम संस्कार उनके राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे ताबूतों के साथ किए जा रहे हैं और राजकीय सम्मान दिया जा रहा है, जबकि मारे गए लोग आतंकी थे। आतंकियों को राजकीय अंतिम संस्कार देना पाकिस्तान में एक प्रथा हो सकती है, लेकिन यह हमारे लिए बहुत मायने नहीं रखती।

Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)
Ardhendu Bhushan (Consulting Editor)http://www.hbtvnews.com
Ardhendhu Bhushan is a senior consulting editor with extensive experience in the media industry. He is recognized for his sharp editorial insight and strategic guidance.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

Recent News
Related