आईपीएल में हार का दर्द झेल रही गुजरात टाइटंस की टीम एक और बड़े संकट से बाल-बाल बच गई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से खिताबी मुकाबला हारने के कुछ ही घंटों बाद टीम की बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग और धुएं ने अफरा-तफरी मचा दी।
जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार रात उस समय हुई जब गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौट रहे थे। रास्ते में टीम बस में तकनीकी खराबी आई और देखते ही देखते शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं फैलने लगा। कुछ ही देर में बस के अंदर हालात गंभीर हो गए।
👉 यह भी पढ़ें:
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को चोट नहीं आई, लेकिन कुछ मिनटों की देरी एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस में आग लगने के बाद टीम के सदस्य लगभग एक घंटे तक सड़क किनारे फंसे रहे। बाद में वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित होटल पहुंचाया गया।
यह घटना ऐसे समय में हुई जब गुजरात टाइटंस पहले ही आईपीएल फाइनल में मिली हार से निराश थी। टीम को फाइनल मुकाबले में RCB के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। हार के सदमे के बीच यह सुरक्षा चूक कई सवाल खड़े कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है, जबकि संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। क्रिकेट जगत में इस घटना के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा और टीम परिवहन व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्या यह सिर्फ एक तकनीकी खराबी थी या टीम की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ी लापरवाही? IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर क्या और कड़े इंतजाम होने चाहिए?


