इंदौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने शुक्रवार 14 अगस्त को नगर पालिक निगम इंदौर के सहायक राजस्व अधिकारी जितेन्द्र कुमार पिता रामकुमार पाण्डेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापा मार कार्रवाई शुरू की। लोकायुक्त की टीम ने अधिकारी के इंदौर स्थित दो ठिकानों पर एक साथ सर्च की। कार्रवाई के दौरान संपत्ति और आय से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

आय से कई गुना अधिक खर्च का आरोप
लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के मुताबिक, पांडेय नगर निगम में करीब 31 वर्ष से नौकरी कर रहे हैं। पूरे सेवाकाल में उन्हें करीब 80 लाख रुपए वेतन के रूप में मिलने का अनुमान है। इसके मुकाबले जांच में करीब 2.53 करोड़ रुपए का खर्च सामने आया है। यह वैध आय से करीब 1.73 करोड़ रुपए ज्यादा और 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन बताया गया है।
👉 यह भी पढ़ें:
- रेवती रेंज में मंत्रीजी ने पौधों से बनवाई पीएम की ऐसी तस्वीर, मोदीजी अगर देख लें तो सिर पीट लें
- जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में दिवीना, ऐशवी, अदविक क्वाटरफाइनल में पहुंचे
- डेली कॉलेज में संघ के आयोजन पर उठे सवाल, अजय बागड़िया ने लिखा पत्र
- कुछ ज्यादा ही सक्रिय नजर आ रहे हैं महामंत्री गौरव रणदिवे, सुबह सीएम के साथ भोपाल, तो शाम को इंदौर में बीएल संतोष के साथ आए नजर
- भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के सामने भी जुबान पर कंट्रोल न रख पाए सुमित मिश्रा, सबके सामने मिली फटकार
- विजयवर्गीय की झांकीबाजी से सीएम ने बनाई दूरी, नगर अध्यक्ष की लाख कोशिश के बाद भी रेवती रेंज नहीं पहुंचे
पत्नी के नाम दो भवन, करोड़ों का निर्माण
जांच में सामने आया कि अधिकारी की पत्नी भावना पाण्डेय के नाम आनंद नगर एक्सटेंशन, नवलखा-चितावद क्षेत्र में 40×50 फीट के भूखंड पर जी+3 भवन का निर्माण किया गया है। लोकायुक्त ने इस निर्माण पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रारंभिक अनुमान लगाया है। इसी तरह गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में पत्नी के नाम भूखंड पर जी+2 भवन बनाया गया है, जहां छात्रावास संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस भवन के निर्माण पर करीब 91.50 लाख रुपये खर्च होने का आकलन किया गया है।

वाहन और अन्य खर्च भी जांच के दायरे में
लोकायुक्त के अनुसार अधिकारी की पत्नी, पुत्र और पुत्री के नाम से चार पहिया एवं दो पहिया वाहन खरीदे गए हैं। इनके अलावा अन्य खर्चों को मिलाकर करीब 14 लाख रुपये का व्यय भी प्रारंभिक जांच में सामने आया है।
216.35 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति का दावा
लोकायुक्त के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक अधिकारी की वैध आय और कुल अनुमानित खर्च के बीच 1,73,08,069 रुपये का अंतर पाया गया है। इसे वैध आय की तुलना में 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति बताया गया है। हालांकि सर्च और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़े जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(b) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय के नेतृत्व में की जा रही है।
चार अधिकारियों की टीम कर रही सर्च
कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित लोकायुक्त की टीम शामिल है। दोनों ठिकानों पर एक साथ सर्च की जा रही है। लोकायुक्त के मुताबिक दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच अभी जारी है।
लोकायुक्त के प्रारंभिक आंकड़े
वैध अनुमानित आय: ₹80 लाख
अनुमानित कुल खर्च: ₹2.53 करोड़
आय से अधिक राशि: ₹1.73 करोड़
अनुपातहीन संपत्ति: 216.35%



