इंदौर। पिछले कुछ समय से इंदौर में भाजपा की राजनीति का चेहरा बदला-बदला सा नजर आ रहा है। एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें सीएम के साथ इंदौरी नेताओं की नई चौकड़ी दिखाई दे रही है। सबके चेहरे पर मुस्कुराहट है। सीएम भी मुस्कुरा रहे हैं। भाजपा में इस मुस्कुराहट के अलग-अलग अर्थ लगाए जा रहे हैं।
गुरुवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन के बाद त्रयोदशी शांति भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने इंदौर के कई नेता गए थे, जिसमें सबसे ज्यादा एक चौकड़ी की रही। इसमें विधायक मालिनी गौड़, मनोज पटेल, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, मध्य प्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर शामिल हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- भोपाल में आज दिखा इंदौर भाजपा के ‘पंच’ का दम, नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई नेताओं से की मुलाकात
- नहीं रहे प्रदेश के ख्यात संस्कृतिकर्मी जयंत भिसे, लंबे समय से थे बीमार, सीएम ने भी पूछा था हाल
- स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश को मिले 9 पुरस्कार, जबलपुर को दूसरा स्थान, देवास-उज्जैन, रीवा भी चमके
- क्या किसी महिला अफसर के हाथ होगी एमपी पुलिस की कमान, चर्चा में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम
- IAS भरत यादव ने संभाला जनसंपर्क सचिव का पदभार, कई विभागों में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
अब लोग ढूंढ रहे हैं इस मुस्कुराहट के राज
इस चौकड़ी ने दिन में नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद कल रात में सीएम डॉ.मोहन यादव से मुलाकात के लिए पहुंची। इस चौकड़ी को देखते ही सीएम ने इन्हें दीपावली की बधाई दे दी और कहा कि इंदौर में बहुत अच्छे से मनी दीपावली। इसका फोटो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें इस चौकड़ी के साथ सीएम भी मुस्करा रहे हैं। अब भाजपा में इस मुस्कुराहट के राज खोजे जा रहे हैं।
एक गुट के कब्जे से मुक्त हुआ इंदौर
उल्लेखनीय है कि इंदौर में पहले भाजपा ताई-भाई के गुटों में बंटी थी। ताई के सक्रिय राजनीति छोड़ने के बाद इंदौर में भाई गुट ने कब्जे की कोशिश की। भाई अपनी आदतानुसार इंदौर भाजपा को तार-तार करने में जुट गए। संगठन के सारे पदों पर अपने लोगों को बिठाने की जिद, फिर दूसरी विधानसभाओं में हस्तक्षेप। इन सबका विरोध शुरू हुआ और एक अलग ही गुट तैयार होने लगा।
लंबे समय से बनने लगी थी भूमिका
इंदौर भाजपा लंबे समय से एक गुट विशेष के कब्जे से निकलने की छटपटाहट में थी। इस बीच गुट विशेष के नेता ने सीएम और प्रदेश संगठन के खिलाफ ही मोर्चा खोल लिया। इस गुट विशेष से परेशान नेता एकजुट होने लगे और सीएम तथा प्रदेश संगठन तक अपनी बात पहुंचाने लगे। इसकी पहली झलक तब नजर आई, जब हेमंत खंडेलवाल नए प्रदेश अध्यक्ष बने। इंदौर में जगह-जगह एक स्वागत होर्डिंग नजर आया था। इसमें गौरव रणदिवे, सावन सोनकर, मनोज पटेल और एकलव्य सिंह गौड़ दिखाई दिए थे।
वरिष्ठ नेता भी समझ रहे चौकड़ी की ताकत
इंदौर भाजपा के वरिष्ठ नेता जो लंबे समय से एक गुट विशेष के कब्जे से त्रस्त थे, इस चौकड़ी के बनने से काफी प्रसन्न हैं। जब सीएम से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का समर्थन इस चौकड़ी को मिलने लगा तो वरिष्ठ नेताओं को इनकी ताकत समझ आई। अब यही चौकड़ी इंदौर भाजपा का नया चेहरा बनकर यहां की राजनीति में परिवर्तन की आहट पैदा कर रही है।
लगातार बढ़ रहा चौकड़ी का समर्थन
खास बात यह कि इस चौकड़ी को इंदौर में भाजपा के अन्य नेताओं का भी लगातार समर्थन मिल रहा है। पिछले दिनों विधानसभा एक के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता भी इस चौकड़ी का हिस्सा बन गए। उन्होंने नवरात्रि में जब चुनरी यात्रा निकाली तो यह चौकड़ी भी पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी नजर आई। इंदौर में अब इस बात की चर्चा है कि इस चौकड़ी के बिना कोई बड़ा फैसला लेना किसी अन्य गुट के नेता की ताकत नहीं।



