इंदौर। शहर में रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाने वाले वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी और सानंद न्यास के अध्यक्ष जयंत माधव भिसे का गुरुवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से इंदौर के कला, साहित्य और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर है। उनकी बीमारी की खबर सुनकर सीएम डॉ.मोहन यादव ने भी उनके बेटे अभिराम भिसे से उनका हाल पूछा था।
जयंत भिसे ने इंदौर में मराठी रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सानंद न्यास की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों से यह संस्था शहर की प्रमुख सांस्कृतिक संस्थाओं में शामिल हुई। सानंद के माध्यम से वर्षभर नाटक, संगीत समारोह और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे। संस्था ने इंदौर में नाट्य संस्कृति को जीवंत बनाए रखने के साथ ही कलाकारों और दर्शकों के बीच एक मजबूत रिश्ता भी कायम किया।
👉 यह भी पढ़ें:
- स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश को मिले 9 पुरस्कार, जबलपुर को दूसरा स्थान, देवास-उज्जैन, रीवा भी चमके
- क्या किसी महिला अफसर के हाथ होगी एमपी पुलिस की कमान, चर्चा में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम
- IAS भरत यादव ने संभाला जनसंपर्क सचिव का पदभार, कई विभागों में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
- इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर पर हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई पूरी, अब अंतिम आदेश का इंतजार
- अमित शाह कर गए टीम मोहन यादव की तारीफ, कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात के लगने लगे सियासी मायने
सीएम यादव ने बेटे से पूछा था हाल
बताया जाता है कि जयंत भिसे की बीमारी की खबर से सीएम डॉ.मोहन यादव भी चिन्तित थे। कुछ दिन पहले सीएम ने उनके बेटे अभिराम भिसे से उनकी तबीयत भी पूछी थी। उनके निधन से प्रदेश में शोक की लहर है।
1993 में शुरू हुआ था सानंद का सफर
इंदौर में मराठी नाटकों के मंचन और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित मंच तैयार करने के उद्देश्य से जनवरी 1993 में सानंद न्यास की स्थापना की गई थी। जयंत भिसे इस पहल के प्रमुख सूत्रधारों में शामिल रहे। संस्था ने शुरुआत में करीब 400 दर्शकों को जोड़कर अपनी गतिविधियां शुरू की थीं। आगे चलकर इसका दायरा लगातार बढ़ता गया और हजारों कला प्रेमी इससे जुड़ गए।
मराठी नाटकों की परंपरा को मजबूत किया
सानंद ने इंदौर में मराठी नाटकों के नियमित मंचन की परंपरा को मजबूत किया। मुंबई और महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित कलाकारों तथा नाट्य प्रस्तुतियों को इंदौर के दर्शकों तक पहुंचाने में संस्था की अहम भूमिका रही। दीपावली पर आयोजित होने वाला सानंद दिवाली प्रभात भी शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल हो गया।
कला अकादमी के निदेशक भी रहे
जयंत भिसे मध्यप्रदेश की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक भी रहे। वर्ष 2021 में उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया था। कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए कलाकारों ने उनका सार्वजनिक अभिनंदन भी किया था।
सांस्कृतिक गतिविधियों को किया प्रोत्साहित
उनके नेतृत्व में सानंद न्यास ने शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया। दिसंबर 2024 में ग्वालियर में आयोजित तानसेन समारोह के दौरान इंदौर की सानंद संस्था को राजा मानसिंह तोमर सम्मान प्रदान किया गया था। यह सम्मान संस्था के सांस्कृतिक योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का प्रतीक बना। जयंत भिसे ने संस्था की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया था।
बैंक की नौकरी के बाद राजनीति में भी सक्रिय
जयंत भिसे ने अपने करियर की शुरुआत बैंक की नौकरी से की थी। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी भागीदारी की। वे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के समर्थकों में गिने जाते थे। इसके अलावा प्रदेश के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और विधायक उषा ठाकुर से भी उनके राजनीतिक संबंध रहे। हालांकि उनकी पहचान मुख्य रूप से एक संस्कृतिकर्मी और रंगमंच के संरक्षक के रूप में रही। उन्होंने अपने प्रयासों से इंदौर में नाटक और संगीत के लिए ऐसा मंच तैयार किया, जिसने कई वर्षों तक शहर के सांस्कृतिक जीवन को समृद्ध किया।



