उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 50-50 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस कार्रवाई में दोनों अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए।
मंगलवार रात खुर्जा कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मुंडाखेड़ा नहर के पास आमना-सामना हुआ। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें कुख्यात आरोपी रिंकू सैनी और भारत सैनी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और इलाज के लिए जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
👉 यह भी पढ़ें:
- लखनऊ में पति ने बैंक मैनेजर पत्नी को मारी गोली, फिर बहन को मारकर दे दी जान
- अंकिता भंडारी केस फिर चर्चा में: राहुल गांधी ने उठाए ‘VIP’ पर सवाल, परिवार को अब भी न्याय का इंतजार
- RG Kar case : गिरफ्तार पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष पर थाने के बाहर हमला
- प्रशासन ने 85 वर्षीय पुष्पलता मंगल की इच्छा का रखा ध्यान, कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने समाप्त किया प्रकरण
- बुलंदशहर एनकाउंटर में 50 हजार का इनामी मोनू ढेर, नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या केस में था वांछित; 2 पुलिसकर्मी घायल
- MP Crime: हाईवे हादसा नहीं निकला खौफनाक हत्याकांड! 5 मौतों की गुत्थी में 8 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और डीवीआर बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों घायल हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डीवीआर, एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। ये दोनों आरोपी हाल ही में हुए तिहरे हत्याकांड में वांछित थे और इन पर इनाम घोषित था।
गौरतलब है कि विवाद एक जन्मदिन पार्टी से शुरू हुआ था, जो खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसा में पूर्व भाजपा सभासद के दो भाइयों—अमरदीप और मनीष—सहित उनके भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
इस मामले में पुलिस ने अब तक जिम संचालक रूपेश सैनी, मयंक सैनी और नरेश सैनी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है, जबकि पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



