नई दिल्ली: प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर का बताया जा रहा है, जहां हिरासत के बाद राहुल गांधी को रखा गया था।
वायरल वीडियो में राहुल गांधी स्टेडियम की सीढ़ियों पर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके एक पैर में जूता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा पैर नंगा है। इस दौरान राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली को लेकर अपनी बात रखते हुए दिखाई देते हैं।
👉 यह भी पढ़ें:
- राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले ‘लेटर वॉर’
- राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए भाजपा नगर अध्यक्ष ने पटवारी को लिखा पत्र, सुझाए कई स्थान
- राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने खेला दांव, डेली कॉलेज से मांगी जगह
- राहुल गांधी पर FIR से भड़की MP कांग्रेस, जीतू पटवारी और कमलनाथ ने BJP पर साधा निशाना
- मनुस्मृति पर राहुल गांधी के बयान से सियासत गरम, निशिकांत दुबे का पलटवार
- Rahul Gandhi ने जारी किया वीडियो, बोले- युवाओं का जवाबदेही मांगना काबिल-ए-तारीफ
‘छात्रों और शिक्षा व्यवस्था पर संसद में चर्चा नहीं होने दी गई’
वीडियो में राहुल गांधी दावा करते हुए नजर आ रहे हैं कि विपक्ष की ओर से संसद में छात्रों से जुड़े मुद्दों और देश की शिक्षा प्रणाली की स्थिति पर चर्चा कराने की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने इस मुद्दे पर बहस की अनुमति नहीं दी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े गंभीर विषयों पर संसद में चर्चा से बचा गया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों की समस्याओं पर संसद में खुलकर बहस होनी चाहिए और उनकी चिंताओं का समाधान निकाला जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने रखीं छात्रों के समर्थन में 3 प्रमुख मांगें
वायरल वीडियो में राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में कई मांगें भी रखीं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा छात्रों पर कथित कार्रवाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी उठाई।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युवाओं से माफी मांगने और देश की शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार करने की अपील भी की।
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए थे राहुल गांधी
इससे पहले राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। बाद में हिरासत में लिए गए नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम से रिहा कर दिया गया।
राहुल गांधी का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर NEET विवाद, छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
अब सवाल आपसे…
क्या आपको लगता है कि छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संसद में खुली और विस्तृत चर्चा होनी चाहिए? क्या राहुल गांधी की मांगें छात्रों के हित में हैं या यह सिर्फ राजनीतिक विरोध का हिस्सा है?
आप इस पूरे विवाद और वायरल वीडियो को लेकर क्या सोचते हैं? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।



