
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान तनातनी के दौरान अमृतसर का स्वर्ण मंदिर भी पाकिस्तान के निशाने पर था। 7 और 8 मई की रात को स्वर्ण मंदिर को निशाना बनाकर मिसाइल हमले की कोशिश की गई थी, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। इसका खुलासा एक रिपोर्ट से हुआ है।
एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मेजर जनरल कार्तिक सी सेशद्री ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी आर्मी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पर ड्रोन से हमले की कोशिश की थी, लेकिन हमारी सेना ने पाक के सभी हमलों को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान ने 8 मई की सुबह भारी मात्रा में मिसाइल और ड्रोन से हमले की कोशिश की थी। मेजर जनरल कार्तिक ने कहा कि पाकिस्तान ने हवाई हमले को तेज कर दिया था। उसने ड्रोन के साथ–साथ लंबी दूरी की मिसाइलों का भी सहारा लिया था। हम पूरी तरह से तैयार थे और उसके हर हमले को नाकाम किया। पाकिस्तान ने स्वर्ण मंदिर को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, हमने सभी को मार गिराया।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने अमृतसर के साथ–साथ जम्मू, श्रीनगर, पठानकोट, जलंधर, लुधियाना, चंडीगढ़ और भुज को निशाना बनाया था। उसने इसके साथ–साथ भारत के और शहरों पर भी हमले की कोशिश की थी। भारतीय सेना के आकाश मिसाइल सिस्टम और एल-70 डिफेंस गन ने पाक के खिलाफ अहम भूमिका निभाई।



