👉 यह भी पढ़ें:
- वेस्ट बैंक में इजराइल का बड़ा कदम: E1 में 1,200 नए सेटलमेंट घरों की योजना पर बढ़ा विवाद
- मनोरंजन की दुनिया में आज बड़ा डिजिटल मोड़: ‘House of the Dragon’ Season 3 का फिनाले, OTT दर्शकों की नजर
- Maharashtra : नगर निगम के खतरनाक घोषित करने के बाद भी भिवंडी की बिल्डिंग में रह रहे थे लोग, 9 की मौत
- RBI की ब्याज दर पर नजर, महंगाई और ग्रोथ के बीच बड़ी चुनौती
- पेपर लीक पर सरकार का बड़ा कदम, कानून और सख्त करने की तैयारी
- NEET पेपर लीक पर सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘छात्रों की आवाज दबाने के बजाय जवाबदेही तय करे सरकार’
0:00 left
लेबनान पर इजराइल का बड़ा हवाई हमला, सीदोन में इमारत ध्वस्त, हिजबुल्लाह ठिकानों को निशाना बनाने का दावा
इजराइल की वायुसेना ने मंगलवार तड़के दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के कई इलाकों पर जोरदार हवाई हमले किए, जिनमें देश का तीसरा सबसे बड़ा शहर सीदोन भी शामिल है। रात करीब एक बजे हुए इस हमले में सीदोन के एक व्यावसायिक इलाके में स्थित तीन मंजिला इमारत पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब लेबनान के सेना कमांडर जल्द ही सरकार को इजराइल सीमा से सटे इलाकों में हिजबुल्लाह को निरस्त्र करने के मिशन पर जानकारी देने वाले हैं। इससे एक दिन पहले सोमवार को भी इजराइली सेना ने दक्षिणी और पूर्वी लेबनान में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। इजराइल का दावा है कि इन इलाकों में हिजबुल्लाह और हमास जैसे आतंकवादी संगठनों का बुनियादी ढांचा मौजूद था।
इन हमलों से करीब दो घंटे पहले इजराइली सैन्य प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी जारी की थी, जिसमें पूर्वी बेका घाटी और दक्षिणी लेबनान के कुछ गांवों को निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी। हालांकि सीदोन पर किया गया हमला बिना किसी पूर्व चेतावनी के हुआ, जिस पर इजराइली सेना ने तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।
बेका घाटी के मनारा गांव में जिस घर पर हमला हुआ, वह हमास के सैन्य कमांडर शरहाबिल अल-सैयद का था, जो मई 2024 में इजराइली ड्रोन हमले में मारा गया था।
इजराइली चेतावनियों के बाद संबंधित इलाकों को खाली करा लिया गया था, इसलिए बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि सोमवार सुबह दक्षिणी गांव ब्राईकेह में एक कार पर हुए ड्रोन हमले में दो लोग घायल हो गए थे। इजराइली सेना ने कहा कि उस हमले में हिजबुल्लाह के दो सदस्यों को निशाना बनाया गया था।
गौरतलब है कि लेबनानी सेना ने पिछले साल फिलिस्तीनी सशस्त्र समूहों के निरस्त्रीकरण की प्रक्रिया शुरू की थी। सरकार का दावा है कि 2025 के अंत तक इजराइल सीमा से सटे सभी इलाके हिजबुल्लाह की सशस्त्र मौजूदगी से मुक्त कर दिए जाएंगे।
लेबनानी सरकार गुरुवार को होने वाली बैठक में हिजबुल्लाह के निरस्त्रीकरण पर चर्चा करेगी, जिसमें सेना प्रमुख जनरल रुडोल्फ हायकल भी शामिल होंगे। सोमवार को हुए हवाई हमले लिटानी नदी के उत्तर में स्थित उन गांवों में किए गए, जो इजराइल की सीमा से काफी दूर हैं।



