जश्न पड़ा भारी: वैंकूवर एयरपोर्ट पर नशे की हालत में एअर इंडिया का पायलट हिरासत में, उड़ान में देरी
कनाडा के वैंकूवर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया के एक पायलट को कथित तौर पर नशे की हालत में हिरासत में लिया गया, जिसके चलते वैंकूवर से दिल्ली जाने वाली उड़ान में अंतिम समय में देरी हुई। यह घटना 23 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है।
👉 यह भी पढ़ें:
- Air India की अबू धाबी फ्लाइट इंजन खराबी से कोच्चि लौटी
- Air India में सभी पायलटों की होगी ड्रग जांच, गांजे का मामला उजागर होने के बाद फैसला
- गांजा पीकर उड़ा रहा था एयर इंडिया का विमान, पायलट का दूसरा डोप टेस्ट भी फेल
- विमान में टर्बुलेंस के बाद पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव, 300 फीट नीचे आया था Air India का विमान; अब सरकार ने दिए जांच के आदेश
- Air India फ्लाइट टर्बुलेंस के मामले में एक्शन, डीजीसीए ने दोनों पायलट को रोस्टर से हटाया
- Air India: फुकेत से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में टर्बुलेंस, कई यात्री और चालक दल के सदस्यों को लगी चोट

एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि उड़ान में देरी इसलिए हुई क्योंकि कॉकपिट क्रू के एक सदस्य को उड़ान से पहले विमान से उतार दिया गया था। कनाडाई अधिकारियों ने पायलट की ड्यूटी के लिए उपयुक्तता पर चिंता जताई थी, जिसके बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए ले जाया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैंकूवर एयरपोर्ट के एक ड्यूटी फ्री स्टोर की कर्मचारी ने पायलट को त्योहार के मौके पर शराब पीते हुए देखा। दावा किया गया है कि शराब की बोतल खरीदते समय पायलट के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। इसके बाद कर्मचारी ने इसकी सूचना कनाडाई अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर कनाडाई अधिकारियों ने पायलट का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया, जिसमें वह फेल हो गया। इसके बाद पायलट को हिरासत में ले लिया गया। एअर इंडिया ने तुरंत वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था की, जिसके चलते चार पायलटों या दो टीमों वाली यह उड़ान करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई।
विमान के वियना पहुंचने के बाद वहां से चालक दल की दूसरी टीम ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में एअर इंडिया ने सख्त रुख अपनाया है। पायलट को कुछ दिनों बाद दिल्ली लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है, जो इसकी जांच कर रहा है।
हालांकि, घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ सूत्रों का कहना है कि पायलट ने अनजाने में शराब पी ली थी, जबकि अन्य के अनुसार बोतल खरीदते समय उससे शराब की गंध आ रही थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वास्तव में क्या हुआ था।
कनाडाई अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पुष्टि की कि संबंधित व्यक्ति को उड़ान भरनी थी और वे उसे एअर इंडिया के विमान तक ट्रैक करने में सफल रहे। मामले की जांच जारी है।



