कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हार के बाद भी ममता बनर्जी ने कहा है कि वे इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि मैं क्यों इस्तीफा दूंगी जब मैं हारी नहीं हूं। मुझे बाध्य नहीं किया जा सकता कि मैं इस्तीफा देने जाऊं। नैतिक तौर पर मैं कह रही हूं कि मैं जीती हूं। मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी।
सीएम ममता ने कहा कि हमारी 100 सीटें लूट ली गईं। 90 लाख वोट काट दिए गए। पीएम मोदी और अमित शाह ने मिलकर हमें हराया है। चुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल किया है।
👉 यह भी पढ़ें:
- बंगाल में ममता बनर्जी को एक और झटका, अब पूर्व मंत्री ज्योति प्रिय मल्लिक ने टीएमसी के सभी पद छोड़े
- कलकत्ता हाईकोर्ट से ममता बनर्जी गुट को तगड़ा झटका, ऋतब्रत बनर्जी ही होंगे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष
- ममता बनर्जी ने भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी की जीत को दी चुनौती, कलकत्ता हाईकोर्ट में लगाई याचिका
- TMC Crisis: ममता बनर्जी को बड़ा झटका? 19 सांसदों की ‘बागी लिस्ट’ वायरल, सायोनी घोष और यूसुफ पठान के नाम से मचा सियासी भूचाल!
- TMC में कितने बागी, 19 बागी सांसदों की लिस्ट पढ़कर चौंक जाएंगे आप, अधिकांश ममता बनर्जी के करीबी
- क्या टीएमसी का कांग्रेस में हो रहा है विलय, सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को दिया है खुला ऑफर
चुनाव आयोग को खलनायक बताया
ममता बनर्जी ने कहा कि दुख की बात है कि चुनाव आयोग ने इस चुनाव में लोगों के संवैधानिक अधिकारों और ईवीएम को लूटने के वाला खलनायक बन गया। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि वोटिंग के बाद ईवीएम में 80-90% चार्ज है? यह कैसे हो सकता है? चुनाव से दो दिन पहले, उन्होंने हमारे लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया।
चुनाव आयोग से मिलकर खेला खेल
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने (भाजपा) हर जगह छापेमारी करना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी आईपीएस और आईएएस अधिकारियों को बदल दिया। उन्होंने अपनी पार्टी से लोगों को चुना और भाजपा ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलकर खेल खेला। यह भाजपा और चुनाव आयोग के बीच एक बेटिंग है।
इस तरह का चुनाव कभी नहीं देखा
ममता बनर्जी ने कहा कि हमने पूरी मशीनरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी शामिल हैं और सीधा दखल दे रहे हैं। उन्होंने SIR में 90 लाख नाम हटा दिए। जब हम कोर्ट गए, तो 32 लाख नाम शामिल किए गए, उन्होंने गंदा और घटिया खेल खेला। मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह का चुनाव कभी नहीं देखा।
इंडिया गठबंधन मेरे साथ है
ममता बनर्जी ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन ने मुझे फोन किया। इंडी गठबंधन के सभी साथियों ने मुझसे कहा कि वे पूरी तरह से मेरे साथ हैं।मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में हमारी एकजुटता और मजबूत रहेगी। अखिलेश ने मुझसे अनुरोध किया कि क्या वह आज ही आ सकते हैं, लेकिन मैंने उनसे कहा कि कल आएं। तो, वह कल आएंगे। एक-एक करके सब आएंगे। मेरा लक्ष्य बहुत साफ है।
इंडी गठबंधन को मजबूत करेंगी
ममता बनर्जी ने कहा कि मैं इंडी गठबंधन को मजबूत करूँगी, बिल्कुल एक आम आदमी की तरह। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए मैं एक आम आदमी हूं। इसलिए, आप मुझसे यह नहीं कह सकते कि मैं अपनी कुर्सी का इस्तेमाल कर रही हूं। मैं अब एक आजाद पंछी हूं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी, इन 15 सालों में मैंने पेंशन का एक पैसा भी नहीं निकाला। मैं तनख्वाह का एक पैसा भी नहीं ले रही हूं। लेकिन अब, मैं एक आजाद पंछी हूं।
काउंटिंग के समय मारने का आरोप
ममता बनर्जी ने खुद पर हमला होने का आरोप भी लगाया। ममता ने कहा कि ‘काउंटिंग में खेल हुए क्या आप ऐसा कर सकते हैं। हमारी तरफ से कोई था ही नहीं, मेरे एजेंट को इजाजत नहीं थी, मुझे पीछे से मारा गया। उन्होंने मुझे प्रताड़ित किया, मारा। आप कल्पना भी नहीं सकते कि मेरे साथ क्या किया गया। जब काउंटिंग शुरू हुआ तो मैं एक कैंडिडेट के तौर पर वहां बैठी। भाजपा के लोगों ने मुझे धक्का देकर मारकर निकाला। ये मेरी बेइज्जती है।
बंगाल पर जुल्म ढा रहे भाजपा के गुंडे
ममता बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने गुंडों के साथ मिलकर पूरे बंगाल में जुल्म ढाना शुरू कर दिया है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। भाजपा वाले टीएमसी की महिला समर्थकों को रेप की धमकियां दे रही हैं। अब मैं बिना किसी पद के नई दिल्ली के खिलाफ लड़ूंगी। मेरी पार्टी उन लोगों का साथ देगी, जिन पर भाजपा के कार्यकर्ता जुल्म ढा रहे हैं।



