चंडीगढ़। हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रहे इंडिगो के एक विमान में सवार एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई। इसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान के इमरजेंसी एक्जिट से तुरंत बाहर निकाला गया। मीडिया रिपोर्ट्स में पांच यात्रियों के घायल होने की खबर भी आ रही है।
विमान के अंदर फैल गया था धुआं
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूत्रों के इंडिगो की फ्लाइट 6E-108 (HYD-IXC) करीब 3:29 बजे सुरक्षित उतरी। विमान में 198 यात्री, दो बच्चे और छह क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के बाद जब विमान वे नंबर-1 की ओर बढ़ रहा था, तभी सीट 39C पर बैठे यात्री ने क्रू को अपने पावर बैंक में आग लगने की जानकारी दी। आशंका जताई गई कि पावर बैंक फट गया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 14 छात्रों की मौत, कुछ ने बिल्डिंग से कूद कर बचाई जान
- Delhi Fire News: कालकाजी के रेस्टोरेंट में भीषण आग, 3 LPG सिलेंडर धमाके से फटे! मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बची बुजुर्ग महिला
- Delhi Fire Tragedy: आधी रात 5 मंजिला इमारत बनी मौत का जाल, धुएं में घुटी 3 लोगों की सांसें; कई जिंदगी मौत से जूझ रही
- Delhi Fire : दिल्ली के होटल में आखिर कैसे लगी थी आग, गिरफ्तार शेफ ने किया बड़ा खुलासा
- उड़ान से ठीक पहले बड़ा खतरा! बेंगलुरु एयरपोर्ट पर IndiGo फ्लाइट से टकराया पक्षी, टला बड़ा हादसा; यात्रियों में मची हलचल
- Noida Fire Breaking: IVY County और शर्मा मार्केट में एक ही दिन दो बड़ी आग की घटनाएं
इमरजेंसी एग्जिट से यात्रियों को बाहर निकाला
कैबिन क्रू ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन विमान के अंदर धुआं फैल गया। एहतियात के तौर पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए। बताया जाता है कि करीब 3:35 बजे क्रू मेंबर ने इमरजेंसी एग्जिट खोला और यात्रियों को एयर स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। एयरफोर्स की फायर टेंडर टीम 3:38 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ चुकी थी।
घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
इंडिगो की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचाया गया है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि यात्रियों की सहायता और देखभाल के लिए एयरपोर्ट पर टीम तैनात की गई है। घटना के समय विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विमान की तकनीकी जांच की जाएगी
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, विमान की आवश्यक तकनीकी जांच की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही फ्लाइट ऑपरेशन को दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि पावर बैंक में आग किस कारण से लगी। एयरलाइन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
पांच यात्रियों के घायल होने की खबर
अपुष्ट सूत्रों द्वारा इस घटना में करीब पांच यात्रियों के घायल होने की भी खबर है। मीडिया और सोशल मीडिया में इस तरह की खबरें भी चल रही हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी स्लाइडर से नीचे उतरते समय एक महिला के पैर में चोट लगने की खबर भी आ रही है।



