मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं, गिरती दीवारों, उखड़ते पेड़ों और आकाशीय बिजली की घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर देहात, चंदौली, सोनभद्र, बरेली, मिर्जापुर और बदायूं समेत कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
👉 यह भी पढ़ें:
- उत्तर प्रदेश में बड़ा आतंकी खुलासा: पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े दो संदिग्ध गिरफ्तार, संवेदनशील ठिकाने थे निशाने पर
- उत्तरप्रदेश; माघी पूर्णिमा पर श्रद्धा की डुबकी
- एसआईआर के बाद उत्तरप्रदेश की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे
- कार्तिक पूर्णिमा के दिन यूपी के चुनार स्टेशन पर बड़ा हादसा, कालका मेल की चपेट में आने से छह श्रद्धालुओं की मौत
सबसे ज्यादा असर प्रयागराज में देखने को मिला, जहां 17 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। मृतकों में पांच महिलाएं, चार बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। सदर इलाके में एक, हंडिया में सात, फूलपुर में चार, सोरांव में तीन और मेजा में दो लोगों की जान गई। इसके अलावा पांच लोग घायल हुए हैं।
भदोही जिले में 16, मिर्जापुर में 14, फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, उन्नाव और बरेली में 4-4, कानपुर देहात में 3, चंदौली में 2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है।
मिर्जापुर में चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई। पेड़, दीवार और टीन शेड गिरने के साथ आकाशीय बिजली की घटनाओं में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई लोगों की जान चली गई। पड़री क्षेत्र में पांच, अदलहाट में तीन, कछवां में दो और अन्य इलाकों में कई लोगों की मौत हुई।
बरेली में भी तूफान का भयानक असर देखने को मिला। आंवला और भमोरा क्षेत्रों में तेज बारिश और चक्रवाती हवाओं ने गांवों में तबाही मचा दी। नंदगांव के जंगतीरा इलाके में दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई। नितोई गांव में पेड़ की टहनी गिरने से महिला ने दम तोड़ दिया। बेहटा जुनून गांव में टिन शेड गिरने से महिला की जान चली गई, जबकि हर्रामपुर गांव में पेड़ गिरने से बच्ची की मौत हो गई।
तूफान के कारण पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रयागराज में 20 पशुओं की मौत हुई है और 16 मकान क्षतिग्रस्त बताए गए हैं। प्रशासन की ओर से लगातार आंकड़े जुटाए जा रहे हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।


