हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण यूपी को पिछड़ा बना दिया। माफिया के ऊपर फिल्में बनती थीं। जिन सपाइयों के हाथ से सत्ता गई, उन्हें यूपी की प्रगति पसंद नहीं आ रही।
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय यूपी की पहचान गड्ढों से होती थी। पहले पड़ोस के जिलों तक जाना भी मुश्किल होता था। अब यूपी में 21 एयरपोर्ट हैं। इनमें 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। हमारा यूपी भगवान राम और भगवान कृष्ण की धरती है। पीएम मोदी ने कहा कि सपा विकास विरोधी तो है ही, नारी विरोधी भी है। पिछले दिनों संसद में सपा और कांग्रेस ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पास नहीं होने दिया। अगर ये बिल पास हो जाता तो यूपी से भारी संख्या में महिलाएं सांसद बनकर दिल्ली पहुंचती।
👉 यह भी पढ़ें:
- मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री पर किया वार, कहा-मोदी भारत और ट्रंप दुनिया को कर रहे बर्बाद
- नीट री-एग्जाम ने रोका पीएम मोदी का काफिला, 45 मिनट तक दिल्ली एयरपोर्ट पर करते रहे इंतजार
- पश्चिम बंगाल दिवस पर बंगाल में पीएम मोदी, 820 करोड़ की सौगात देते हुए बोले-दशकों के कुशासन से मुक्त हुआ प्रदेश
- फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिले पीएम मोदी, उठाया नाविकों की सुरक्षा का मामला
- फ्रांस में इटली की पीएम मेलोनी से फिर मिले प्रधानमंत्री मोदी, मेलोडी मूमेंट की भी हुई चर्चा
- भारतीय जहाजों पर हमले पर भड़के अरविंद केजरीवाल, कहा-मोदीजी ने पूरे देश की नाक कटा दी
यूपी को गाली देने वालों के साथ खड़ी है सपा
सपा वाले संसद में यूपी वालों को गाली देने वाली पार्टियों के साथ खड़े हो जाते हैं। ये हमेशा अपराधियों के साथ खड़े रहते हैं। ये लोग परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकते। इसीलिए सब कहते हैं कि सपा वाले कभी सुधर नहीं सकते। पीएम मोदी ने कहा कि दिसंबर 2021 में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करने मैं शाहजहांपुर आया था। देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे में शुमार गंगा एक्सप्रेसवे पांच साल के भीतर बनकर तैयार हो गया है। इसके विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। जल्द ही गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। फरुर्खाबाद लिंक के जरिये इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। ये है डबल इंजन के सरकार के काम करने का तरीका।
डबल इंजन सरकार में तय समय पर लोकार्पण
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्र-वे के लोकार्पण का मौका मिला था। ये एक्सप्रेस-वे आधुनिक भारत की हस्तरेखाएं हैं। अब वह दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ा। एक बार घोषणा हो गई तो सालों तक फाइलें चलती थीं। सरकारें आती रहती थीं पर काम का पता नहीं चलता था। डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण होकर ही रहता है।
सबसे ज्यादा मोबाइल यूपी में बनते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था। आज यूपी एक ट्रिलियन इकॉनामी बनने जा रहा है। यूपी के युवाओं का इस्तेमाल हम अच्छी तरह से कर रहे हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। जिस यूपी की पहचान पहले पलायन से होती है, उसे आज इन्वेस्ट यूपी के नाम से जाना जाता है। अगर भारत में सबसे ज्यादा मोबाइल बनते हैं तो यूपी का उसमें सबसे बड़ा योगदान है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी यूपी तेजी से स्थान बना रहा है। आज देश के दो डिफेंड कॉरीडोर में से एक यूपी में है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें आज यूपी में बनती हैं।



