पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना को दिल दहला देने वाला बताते हुए कहा कि यह हत्या पूरी योजना के तहत की गई और हमलावर कई दिनों से रेकी कर रहे थे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हत्या की गई है और इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील करते हुए कहा कि राज्य पुलिस महानिदेशक ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि सिर्फ चंद्रनाथ रथ ही नहीं, बल्कि भाजपा के एक कार्यकर्ता को बशीरहाट में गोली मारी गई और दूसरे कार्यकर्ता पर बारानगर में चाकू से हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि ये घटनाएं पहले से रची गई साजिश का हिस्सा हैं। उनके अनुसार दो से तीन दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व को दे दी गई है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी मृतक के परिवार और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है।
शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह 15 साल के जंगलराज का नतीजा है और भाजपा अब राज्य में गुंडागर्दी खत्म करके रहेगी।
बता दें कि बुधवार देर रात मध्यमग्राम इलाके में जेसोर रोड के पास चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।भाजपा नेताओं ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया है।
उधर तृणमूल कांग्रेस ने भी इस हत्या की निंदा करते हुए अदालत की निगरानी में केंद्रीय जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है।
👉 यह भी पढ़ें:
- ममता बनर्जी ने भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी की जीत को दी चुनौती, कलकत्ता हाईकोर्ट में लगाई याचिका
- पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने छोड़ी नंदीग्राम सीट, भवानीपुर से ही रहेंगे विधायक
- एक्शन में सुवेंदु : लाउडस्पीकर से लेकर चुनावी हिंसा तक, जारी किए कड़े आदेश
- सुवेंदु कैबिनेट की पहली बैठक में कई बड़े फैसले, आयुष्मान भारत योजना लागू, आज से बीएनएस के तहत दर्ज होंगे केस
- ममता बनर्जी को लगातार दो बार हराने वाले सुवेंदु अधिकारी के हाथ बंगाल की कमान, अमित शाह की मौजूदगी में चुने गए नेता
- नंदीग्राम से बड़ी जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी का तीखा हमला: ‘टीएमसी खत्म होने की कगार पर’



