पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और उनके संस्थानों पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जालंधर और फगवाड़ा में स्थित उनके आवास, विश्वविद्यालय और कारोबारी ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में दिल्ली से पहुंची ईडी टीमों ने कई स्थानों को घेर लिया। मित्तल के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि अंदर अधिकारी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच में जुटे रहे।
ईडी की जांच लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी समेत लवली ग्रुप के कई प्रतिष्ठानों तक पहुंची। जानकारी के अनुसार, लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर भी जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा मित्तल परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में भी छानबीन की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी अधिकारियों का विशेष ध्यान वित्तीय लेन-देन और विदेशी फंडिंग से जुड़े दस्तावेजों पर है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाकर यह जिम्मेदारी अशोक मित्तल को सौंपी थी। इस फैसले के कुछ ही दिनों बाद हुई ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से भी काफी अहम मानी जा रही है।
इस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तंज कसते हुए कहा कि यह कदम चुनावी तैयारी का हिस्सा है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि उनकी पार्टी किसी दबाव में झुकने वाली नहीं है और हर परिस्थिति का डटकर सामना करेगी।


