प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नामीबिया पहुंचे, यूरेनियम, रक्षा और ‘प्रोजेक्ट चीता 2’ पर अहम समझौते की उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के पांचवें और अंतिम चरण में अफ्रीकी देश नामीबिया पहुंच गए हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील का चार दिवसीय सफल दौरा पूरा किया। नामीबिया दौरे के दौरान पीएम मोदी वहां के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच यूरेनियम निर्यात, रक्षा उपकरण खरीद, तेल और गैस क्षेत्र में सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।
👉 यह भी पढ़ें:
- मैं प्रधानमंत्री मोदी से बहुत प्यार करता हूं” — ट्रंप बोले, भारत अमेरिका पर पूरी तरह भरोसा कर सकता है
- विकसित भारत के लिए तेज़ होंगे सुधार: मंत्रिपरिषद बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा संदेश
- विदेश यात्रा पर कर लगाने की चर्चा निराधार, प्रधानमंत्री ने अफवाहों को किया खारिज
- प्रधानमंत्री पर टिप्पणी से मचा सियासी तूफ़ान: सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पर मुकदमा, महोबा में भाजपा का उग्र प्रदर्शन
![]()
भारत और नामीबिया के बीच ‘प्रोजेक्ट चीता 2’ को लेकर भी चर्चा हो रही है, जिसके तहत भारत को और अधिक चीते मिल सकते हैं। यह परियोजना भारत में जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के प्रयासों का हिस्सा है।
भारत के उच्चायुक्त राहुल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि पीएम मोदी की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, खनिज संसाधन, और रक्षा सहयोग जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी। भारत को नामीबिया में पाए जाने वाले क्रिटिकल मिनरल्स में गहरी रुचि है, और यूरेनियम के निर्यात की संभावना को लेकर भी वार्ता होगी। इसके अतिरिक्त, हाल ही में नामीबिया में मिले तेल और गैस भंडार भारत के लिए एक और प्रमुख आकर्षण का क्षेत्र बन गए हैं।
रक्षा क्षेत्र में भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। श्रीवास्तव के मुताबिक, नामीबिया भारत से रक्षा उपकरण खरीदने की योजना बना रहा है और दोनों देश क्षमता निर्माण को आपसी सहयोग का एक मजबूत आधार मानते हैं।
उच्चायुक्त ने यह भी कहा कि भारत और नामीबिया ग्लोबल साउथ में साझेदार हैं, और नामीबिया ने तीनों ‘वॉयस ऑफ द ग्लोबल साउथ समिट’ में सक्रिय भागीदारी निभाई है।
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय स्मारक ‘हीरोज एकर’ पर जाकर नामीबिया के संस्थापक डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, नामीबिया की संसद को संबोधित करेंगे और वहां भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। इस ऐतिहासिक यात्रा से भारत-अफ्रीका संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।


