आईपीएल में विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ट्रैविस हेड के बीच हुए विवाद ने अब सोशल मीडिया पर बड़ा रूप ले लिया है। मैच के बाद ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका हेड को ऑनलाइन ट्रोलिंग और अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है।
शुक्रवार रात हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने थीं। मैच के दौरान कोहली और ट्रैविस हेड के बीच कई बार तीखे इशारे और बहस देखने को मिली।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब मैच खत्म होने के बाद ट्रैविस हेड ने हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन कोहली बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर कोहली के कुछ प्रशंसकों ने ट्रैविस हेड को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
जेसिका हेड ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया संस्थान द एडवरटाइजर से बातचीत में कहा,
“यह बिल्कुल वैसा ही लग रहा है जैसा वर्ल्ड कप के बाद हुआ था।”
उन्होंने कहा,
“सुबह उठते ही सोशल मीडिया पर गालियां दिखाई देती हैं। हम ठीक हैं, लेकिन अब मेरे दोस्तों और परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। खेल में जुनून और भावनाएं होती हैं, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों से बात करने का तरीका भी मायने रखता है।”
गौरतलब है कि इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराया। विराट कोहली ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए। मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई, हालांकि विवाद की असली वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है।


