इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर दो थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार देर रात दो कथित ड्रग्स पैडलरों की गिरफ्तारी के बाद की है। बताया जाता है पैडलरों ने नाना का नाम लिया था।
बताया जाता है कि बुधवार रात पुलिस ने दो लोगों को ड्रग के साथ पकड़ा था। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने नाना पटवारी से ड्रग लेने क बात कही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोपियों ने नाना पटवारी से संबंध होने की बात कही है, वहीं पूछताछ के दौरान नाना ने भी आरोपितों को जानने की बात स्वीकार की है।
👉 यह भी पढ़ें:
- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चिंटू चौकसे को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाया, सोनिला मिमरोट भाटिया को दी जिम्मेदारी
- वंदे मातरम विवाद पर बोले जीतू पटवारी–जिस दल की मातृ संस्था ने 50 वर्षों तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया, वह हमें राष्ट्रभक्ति पढ़ा रही है
- वंदे मातरम विवाद पर सीएम मोहन यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का मांगा इस्तीफा, कहा-राहुल गांधी दें स्पष्टीकरण
- कथा वाचक मोहित नागर कांग्रेस में शामिल, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले-वे नहीं जाएंगे राज्यसभा, दिग्विजय सिंह भी हो सकते हैं उम्मीदवार
- कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की चिट्ठी से गरमाई एमपी की सियासत, भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर पीएम मोदी से कर दी सीएम के इस्तीफे की मांग
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अपनी उम्र छुपाने का आरोप, भाजपा नेता के खुलासे के बाद बढ़ सकती है उलझन
पहले भी कई मामलों में आ चुका है नाम
नाना पटवारी का नाम इससे पहले भी एक ड्रग्स प्रकरण में सामने आ चुका है। इसी वजह से पुलिस इस मामले की कड़ियों को पुराने मामलों से भी जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस ने जारी नहीं किया कोई बयान
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। सात साल पुराने खुशी कुलवाल आत्महत्या कांड में भी नाना का नाम सामने आया था।
विवेक तन्खा ने किया पोस्ट
राज्यसभा सदस्य विवेक तनखा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि इंदौर पुलिस ने बिना सूचना दिए नाना पटवारी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस उन्हें कहां ले गई है, इसकी जानकारी भी परिवार को नहीं दी गई। तनखा ने यह भी लिखा कि इंदौर पुलिस ऐसी परिपाटी न बनाए, जो भविष्य में तकलीफदेह साबित हो।
नाना पर कई केस हैं दर्ज
जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास और जमीन से जुड़े एक अन्य मामले में पहले से केस दर्ज हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी इंदौर पुलिस ने नाना पटवारी को गिरफ्तार किया था। उस समय उनकी गिरफ्तारी सात साल पुराने एक मामले में हुई थी, जिसमें वे फरार चल रहे थे। नाना और उनके दो साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था। इसके अलावा, पिछले वर्ष तेजाजी नगर पुलिस ने नाना समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज किया था। फरियादी नरेंद्र मेहता का आरोप था कि उनकी जमीन पर धोखे से नाना पटवारी ने कब्जा कर लिया था।



