कोच्चि। प्रयागराज महांकुभ से वायरल हुई मोनालिसा की शादी इन दिनों विवादों में है। मोनालिसा ने एक मुस्लिम दोस्त मोहम्मद फरमान से शादी कर ली। इसके बाद यह दावा किया गया कि मोनालिसा नाबालिग है। इस मामले में पुलिस में केस भी दर्ज हुआ है। मध्यप्रदेश पुलिस की एक टीम गुरुवार को शादी की जांच के लिए कोच्चि पहुंची।
बताया जाता है कि मोनालिसा और उसका दोस्त मोहम्मद फरमान फिलहाल कोच्चि में रह रहे हैं। फरमान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पालरा का निवासी है और पिछले महीने उसने तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में इस युवती से शादी की थी। शादी के बाद मोनालिसा के माता-पिता ने दावा किया है कि उसकी उम्र केवल 16 साल है और फरमान के खिलाफ मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में मामला दर्ज है। केरल हाई कोर्ट ने आठ अप्रैल को फरमान को 20 मई तक गिरफ्तारी से अस्थायी राहत दी थी।
महेश्वर से पांच सदस्यीय टीम गई है कोच्चि
मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने की एक महिला अधिकारी समेत पांच सदस्यीय एक टीम गुरुवार को सुबह कोच्चि के थ्रीक्काकारा थाने पहुंची और थाना प्रभारी से मुलाकात की। थ्रीक्काकारा थाने के अधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस ने उसके थानाक्षेत्र में रहने वाले फरमान के दोस्त की जानकारी के लिए उनसे संपर्क किया था।
कालामस्सेरी में रहते हैं दोनों
केरल पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि फरमान के दोस्त का पता नहीं चल सका। अधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी है कि लड़की और फरमान कालामस्सेरी में रहते हैं। इस जांच में शामिल मध्य प्रदेश के एक पुलिस अधिकारी ने थ्रीक्काकारा थाने में मीडिया को बताया कि ऐसे दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिनसे पता चलता है कि लड़की केवल 16 साल की है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में विवाह पंजीकरण के लिए जमा किए गए आधार कार्ड के सत्यापन की आवश्यकता है। अधिकारी ने कहा कि युवती फिलहाल यहीं रह रही है।
मोनालिसा का दावा-वह 18 साल की
इस बीच, युवती मोनालिसा ने केरल के पुलिस प्रमुख और कोच्चि के पुलिस आयुक्त को एक आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। अपने आवेदन में उसने दावा किया कि वह 18 साल की है। मोनालिसा ने आरोप लगाया कि उसे जबरन मध्य प्रदेश ले जाने की कोशिश की जा सकती है। उसने ऐसी किसी भी हरकत को रोकने के लिए उसके और फरमान के वास्ते पुलिस सुरक्षा की मांग की है।


