इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के इंदौर अध्यक्ष पद के लिए घमासान मचा हुआ है। सारे विधायक, सारे नेता अपने समर्थकों को अध्यक्ष बनाने में जुटे हुए हैं। विवाद इतना बढ़ा कि भाजपा की कोर कमेटी ने भी हाथ खड़े कर दिए और जो 11 नाम आए, वे सारे के सारे भोपाल भेज दिए गए।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद के चयन की कवायद चल रही है। इसमें जमकर राजनीति भी हुई। किसी ने पैसे का दम दिखाया, किसी ने अपनी पहुंच का, लेकिन नाम तय नहीं हो पाया। राजनीति इतनी हावी रही कि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का इंदौर दौरा भी कई बार टला। हाल ही में वे इंदौर आए तो सारे दावेदारों ने उनके स्वागत में पूरी ताकत लगा दी थी।
👉 यह भी पढ़ें:
- डायमंड कॉलोनी विवाद के बाद फिर निशाने पर भूमाफिया दीपक मद्दा, कलेक्टर के आदेश पर खुलने लगीं पुरानी फाइलें
- आखिर किसके कहने पर कांग्रेस से भाजपा में आए भूपेंद्र चौहान को अजा मोर्चे का अध्यक्ष बना दिया, कौन है जिसने भेजा था नाम?
- Raja Raghuvanshi Murder Case : राजा रघुवंशी की हत्या के आरोपी सोनम को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत पर नहीं लगी रोक
- भाजयुमो इंदौर अध्यक्ष की नियुक्ति में संघ का रोड़ा, दावेदार हाथ जोड़कर पूछ रहे-आखिर हमारी क्या गलती है सरकार?
- Raja Raghuvanshi Murder Case : सोनम की जमानत रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार
- डायमंड कॉलोनी विवाद से पीछा छुड़ाने की कोशिश में जुटा भूमाफिया दीपक मद्दा, पुलिस को भी बरगलाने की कोशिश
कोर कमेटी भी सुलझा नहीं पाई विवाद
नगर अध्यक्ष पद के दावेदारों के नाम की पैनल बनाने के लिए भाजपा की कोर कमेटी भी बैठी। विवाद इतना बढ़ गया कि 18 सदस्यों की कमेटी ने भी हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने सारे 11 के 11 नाम भोपाल भेज दिए।
अब देखना होगा, कौन पड़ता है भारी
इंदौर से नाम जाने के बाद अब गेंद भोपाल के पाले में है। अब देखना यह होगा कि आखिर किसको सफलता मिलती है। किसी आम कार्यकर्ता के हाथ यह पद लगता है या विधायक के समर्थक को सफलता मिलती है या फिर कोई धन्नापति सेठ कुर्सी उड़ा ले जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष को भी रखनी होगी निगरानी
भाजपा में इस बात प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के एक साल बेमिसाल की चर्चा हो रही है। इसी बीच भाजपा में हुई कई नियुक्तियों पर विवाद भी उठ खड़ा हुआ है। कभी कांग्रेस से आए नेता को पद मिल जाता है तो कभी नियुक्ति के बाद भी पद वापस छीनने की नौबत आ रही है। ऐसे में भाजपा नेता कह रहे हैं कि इंदौर नगर अध्यक्ष की नियुक्ति में प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल को भी निगरानी रखनी होगी। आखिर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, किसका, किस आधार पर चयन करते हैं।
एक-दूसरे की पोल खोलने में जुटे दावेदार
इंदौर से नाम जाने के बाद अब दावेदार एक-दूसरे की पोल खोलने में भी जुट गए है। सब दूसरे दावेदारों की कुंडली भोपाल तक पहुंचा हैं। किसने क्या किया, किसकी कितनी शिकायतें हैं, सब भोपाल पहुंचाई जा रही हैं। ऐसे में इंदौर अध्यक्ष का चयन आसान नहीं होगा।
ये 11 नाम भेजे गए
भाजपा के सूत्र बताते हैं कि नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भाजयुमो इंदौर अध्यक्ष पद के लिए इन 11 नामों की सिफारिश की है-
* अक्षांशु तिवारी
* अमित पालीवाल
* मयूरेश पिंगले
* धीरज ठाकुर
* रोहित चौधरी
* निक्की राय
* जय राजदेव
* अमित पालीवाल
* अक्षत चौधरी
* आवेश राठौड़
* अमित कुशवाह
अधिकांश नाम विधायकों के
जो नाम भोपाल भेजे गए हैं, उनमें से अधिकांश नाम विधायकों के हैं। अमित पालीवाल का नाम आकाश विजयवर्गीय की तरफ से गया है, जबकि रोहित चौधरी विधायक रमेश मेंदोला का नाम है। मयूरेश पिंगले का नाम मालिनी गौड़ ने भेजा है, जबकि जय राजदेव का नाम गोलू शुक्ला ने। धीरज ठाकुर का नाम पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने भेजा है। निक्की राय के नाम के साथ भी कई नेता जुड़े हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि उनके ऊपर शराब माफिया सूरज रजक की मेहरबानी है। अक्षत चौधरी तो स्वयं ही साधन संपन्न हैं। कहा जाता है कि उनका फोन श्याम रजक भी एक बार में उठाते हैं। अब देखना यह है कि अंत में बाजी कौन मारता है।



