पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम में पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जिन्होंने ये हमला किया है, उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि ये हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है, देश के दुश्मनों ने भारत की आस्था पर हमला करने का दुस्साहस किया है। अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने भाषण शुरू करने से पहले पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन रखा। पीएम मोदी बिहार में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह और अन्य नेता मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है। सभी पीड़ित परिवारों के दुःख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जिन परिवारजनों के अभी इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है। इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने अपना भाई और किसी ने अपना जीवनसाथी खोया है। उनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड़ बोलता था, कोई मराठी था, कोई ओड़िया था, कोई गुजराती था, कोई यहां बिहार का लाल था। आज उन सभी की मृत्यु पर कारगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख एक जैसा है, हमारा आक्रोश एक जैसा है।
पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार की सरजमीं से मैं पूरी दुनिया से यह कहना चाहता हूं कि भारत इन लोगों की पहचान करेगा, उन्हें ढूंढेगा और हर आतंकी तथा उनकी मदद करने वालों को सजा देगा। हम उन्हें पृथ्वी के अंतिम छोर तक खदेड़ देंगे। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता। इंसाफ मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दुनिया में जो भी इंसानियत के पक्ष में है, वह हमारे साथ है।
हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट की दी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पंचायती राज दिवस के मौके पर पूरा देश मिथिला से, बिहार से जुड़ा है। आज यहां देश के, बिहार के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। बिजली, रेल, इंफ्रास्ट्रक्चर के इन विभिन्न कार्यों से बिहार में रोजगार के नए मौके बनेंगे। आज राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर की पुण्यतिथि भी है मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।
पंचायतों को सशक्त करने के लिए कई कदम
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वो धरती है, जहां से बापू ने सत्याग्रह के मंत्र का विस्तार किया था। बापू के दृढ़ विश्वास था कि जब तक भारत के गांव मजबूत नहीं होंगे, तब तक भारत का तेज विकास नहीं हो पाएगा। देश में पंचायती राज की परिकल्पना के पीछे यही भावना है। बीते दशक में पंचायतों को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। दो लाख से ज्यादा ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा गया। 5.50 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर गांवों में बने हैं।
जीविका दीदी ने बदला जीवन
पीएम मोदी ने कहा कि देश में महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए, रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर बनाने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। बिहार में चल रहे जीविका दीदी कार्यक्रम से अनेक बहनों का जीवन बदला है। आज ही यहां बिहार की बहनों के स्वयं सहायता समूहों को करीब 1,000 करोड़ रुपये की मदद दी गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव आया है। पहले एम्स जैसे बड़े अस्पताल सिर्फ दिल्ली जैसे बड़े शहरों में होते थे, लेकिन अब दरभंगा में भी एम्स बन रहा है। झंझारपुर में भी एक नया मेडिकल कॉलेज बन रहा है।


