नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हार के बाद ममता बनर्जी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। 58 विधायक पहले ही बगावत कर चुके हैं, अब 20 सांसदों ने भी बागी तेवर दिखा दिया है। ममता बनर्जी आज यानी सोमवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन मजूबत करने में लगी थीं, इसी दौरान उनकी नाक के नीचे 20 सांसदों ने अलग गुट बनाने का ऐलान कर दिया।
ममता बनर्जी की पार्टी की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि उनके समेत 20 सांसदों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है। दस्तीदार ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को स्वीकार करते हैं और मानते हैं कि उनका राजनीतिक भविष्य एनडीए के साथ अधिक सुरक्षित है।
👉 यह भी पढ़ें:
- क्या ममता बनर्जी से दूर हो रहे उनकी पार्टी के ही नेता ? बड़ी बैठक में 41 में से सिर्फ 5 सांसद पहुंचे, TMC में अंदरूनी बगावत के संकेत?
- टीएमसी नेताओं पर हमले के खिलाफ ममता को नहीं मिली प्रदर्शन की इजाजत, अब केंद्र सरकार को दी कड़ी चेतावनी
- भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर भड़कीं ममता बनर्जी, एक्स पोस्ट में भाजपा को कोसा
- हार के बाद ममता का बड़ा संदेश, बोलीं– जाना है तो जाएं, तृणमूल फिर खड़ी होगी
आज ही सुवेंदु अधिकारी से मिले थे 16 सांसद
इससे पहले, पार्टी में टूट की अटकलों के बीच सुखेंदु रॉय और काकोली दस्तीदार के नेतृत्व में टीएमसी के 16 सांसदों ने सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की थी। सुखेंदु राय ने तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में लिप्त रही है।
बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र
इन सांसदों ने लोकसभा में अलग बैठने की व्यवस्था के लिए भी स्पीकर को पत्र लिखा है। सुवेंदु अधिकारी से मिलने वाले सांसदों में काकोली दस्तीदार, पार्थ भौमिक, जगदीश बसुनिया, देव, शताब्दी रॉय, रचना बनर्जी, कालिपदा सोरेन, अरूप चक्रवर्ती, असित मल, शत्रुघ्न सिन्हा, प्रसुन बनर्जी, प्रतिमा मोंडल और बापा हलीदार शामिल हैं।
नए गुट की चीफ व्हीप होंगी काकोली घोष
टीएमसी की बागी सांसद डॉ. शर्मिला सरकार के अनुसार 20 सांसद अलग गुट बनाने और एनडीए को सपोर्ट देने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नए गुट की चीफ व्हिप काकोली घोष होंगी, जबकि शताब्दी घोष डिप्टी लीडर होंगी। उन्होंने बताया कि 20 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र भेजकर एनडीए के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई है।


