विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के संयंत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया है। प्लांट परिसर में क्रेन के जरिए ले जाए जा रहे पिघले हुए लोहे के मजदूरों पर गिर जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।
बताया जाता है कि हादसे में कई और मजदूर झुलस गए हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र के SMS-2 और STC-3 ताप संयंत्र में में हादसा हुआ है।
कंटेनर से ले जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार बाल्टीनुमा कंटेनर में रखे पिघले लोहे को क्रेन से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कंटेनर से पिघला हुआ लोहा नीचे काम कर रहे श्रमिकों पर गिर गया। लोहे का तापमान करीब 1,600 डिग्री सेल्सियस था।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा- विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में हुई दुर्घटना से व्यथित हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायल को 50 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायडू ने भी जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक जाहिर किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत और सहायता कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।


