नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस की पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी कमेटी की करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक के बाद महासचिव जयराम रमेश और सांसद नासिर हुसैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार जिन प्रमुख विधेयकों को लाने की तैयारी में है, कांग्रेस उनका विरोध करेगी। पार्टी ने परिसीमन, संविधान संशोधन, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, एफसीआरए संशोधन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित बदलावों का विरोध करने का ऐलान किया है।
अब तक विधेयकों की जानकारी नहीं
जयराम रमेश ने कहा कि सरकार ने अभी तक औपचारिक रूप से यह नहीं बताया है कि मानसून सत्र में कौन-कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे। इसी वजह से संभावित विधेयकों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई को होने वाली सर्वदलीय बैठक में सरकार से इस संबंध में जानकारी मांगी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी मांगा जाएगा।
👉 यह भी पढ़ें:
- मध्यप्रदेश में बढ़ी स्टांप ड्यूटी, मोटरयान कराधान विधेयक भी पारित, कांग्रेस ने बताया जनविरोधी
- विधानसभा के मानसून सत्र में उठा आदिवासियों का मामला, नेता प्रतिपक्ष सिंघार बोले-जमीनें छीनीं, सीएम ने दिया जवाब-26500 पट्टे दिए
- विधानसभा के मानसूत्र सत्र में कांग्रेस का विरोध जारी, विजय शाह के इस्तीफे को लेकर लगे नारे, खाद की बोरी लेकर पहुंचे विधायक
- विधानसभा के मानसूत्र सत्र के चौथे दिन भी कांग्रेस का प्रदर्शन जारी, आज बढ़ते अपराधों और नशे के कारोबार पर सरकार को घेरा
- संसद का मानसून सत्र: पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर तीखी बहस की तैयारी, सरकार और विपक्ष आमने-सामने
- मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से, सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है विपक्ष, परिसर में नारेबाजी पर रोक का मुद्दा भी छाएगा
विपक्ष की राय पर गंभीर नहीं सरकार
जयराम रमेश ने कहा कि सर्वदलयी बैठक अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। वहां कई नेता अपनी बात रखते हैं, लेकिन आखिर में फैसले कुछ ही लोग लेते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राय को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
परिसीमन और संविधान संशोधन विरोध
कांग्रेस ने कहा कि यदि सरकार परिसीमन विधेयक लाती है तो उसका पूरी ताकत से विरोध किया जाएगा। पार्टी इस मुद्दे पर पूरे विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश करेगी। साथ ही संविधान संशोधन से जुड़े किसी भी प्रस्ताव का भी विरोध किया जाएगा। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दलों को तोड़कर और अन्य तरीकों से लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संविधान की भावना के खिलाफ है और कांग्रेस इसका विरोध करेगी।
कांग्रेस को अन्य विधेयकों पर भी आपत्ति
बैठक में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से जुड़े प्रस्ताव और उस पर गठित संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट पर भी बातचीत हुई। कांग्रेस ने कहा कि वह इस प्रस्ताव का भी विरोध करेगी। इसके अलावा सांसदों, विधायकों, मुख्यमंत्रियों और प्रधानमंत्री के चुनाव एक साथ कराने से जुड़े किसी भी विधेयक का समर्थन नहीं किया जाएगा।
सोनिया गांधी के आवास पर बैठक
पार्टी की संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास ’10, जनपथ’ पर गुरुवार दोपहर में हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि कांग्रेस किन मुद्दों पर विरोध करने वाली है। उन्होंने बताया कि ‘चंदा चोरी-आस्था से धोखा, प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था का सुनियोजित पतन, संस्थानों पर कब्जा, राजनीतिक दलों को तोड़ना, अनेक घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप, कमरतोड़ महंगाई, विदेश नीति की विफलताएं और रणनीतिक भूलें, 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर एथेनॉल ब्लेंडिंग थोपना, बेलगाम वनों की कटाई तथा एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर लगातार हमले’ जेसे मुद्दे इसमें शामिल हैं।



