उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ईसानगर थाना क्षेत्र में ऊंच गांव और भरेहटा के बीच राजमार्ग पर मजदूरों से भरी एक मैजिक गाड़ी और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
लखीमपुर- बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर सुबह करीब आठ बजे हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
👉 यह भी पढ़ें:
घायलों को तुरंत खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि मैजिक गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री लखीमपुर में मजदूरी करने के बाद अपने गांव नानपारा लौट रहे थे, लेकिन गांव पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कुछ मृतकों की पहचान हो सकी है, पुलिस अन्य मृतकों की पहचान कराने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मैजिक गाड़ी लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक बहराइच की दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।



