बंगाल में सियासी संग्राम: राज्यपाल CV आनंद बोस के खिलाफ TMC सांसद ने दर्ज कराई शिकायत, राजद्रोह तक के आरोप
पश्चिम बंगाल में राज्यपाल सीवी आनंद बोस और तृणमूल कांग्रेस सरकार के बीच टकराव अब चरम पर पहुंच गया है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यपाल के खिलाफ कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके बयान जानबूझकर भड़काने वाले हैं और राज्य सरकार के खिलाफ लोगों को उकसाने की कोशिश करते हैं।
जानकारी के अनुसार, शिकायत में राज्यपाल का पद उल्लेख किए बिना उनका पूरा नाम और पिता का नाम लिखा गया है। कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैंने सीवी आनंद बोस के खिलाफ शिकायत की है। राजभवन में बैठा व्यक्ति ऐसी टिप्पणियां कर रहा है जो जनता को भड़का सकती हैं। सरकार के खिलाफ लड़ाई के लिए उकसाया जा रहा है।”
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि राज्यपाल की भाषा और व्यवहार भाजपा को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा, “उनकी बात पर ही भाजपा वाले पुलिस को मारते और तोड़फोड़ करते हैं… वे अमित शाह के पैर पकड़कर राज्यपाल बने हैं। खेल वे जानते हैं—‘खेला होगा’।”
यह मामला अब केंद्र–राज्य संबंधों में एक और बड़ा विवाद खड़ा कर सकता है, और आने वाले दिनों में राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना है।



