मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता जीशान सिद्दीकी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। खास बात यह है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी धमकी बताई जा रही है। धमकी एक ऑडियो संदेश के जरिए दी गई, जिसके बाद सिद्दीकी ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी है।
पुलिस के अनुसार, धमकी कथित तौर पर फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर के नाम से भेजी गई है। हालांकि, धमकी देने वाले की पहचान और ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। जीशान अख्तर के भारत से बाहर किसी अज्ञात स्थान पर होने की जानकारी सामने आई है।
👉 यह भी पढ़ें:

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था ऑडियो
इससे पहले भी जीशान सिद्दीकी को कथित तौर पर धमकी दी गई थी। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद उनकी बहन ने बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
जीशान सिद्दीकी के परिवार पर इससे पहले भी गंभीर हमला हो चुका है। उनके पिता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह उस समय अपने बेटे के कार्यालय के बाहर थे। इस मामले की जांच में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और जीशान अख्तर समेत कुछ लोगों को वांछित आरोपी के तौर पर जांच में शामिल किया गया था।
पहले भी मिली थी 10 करोड़ रुपये की धमकी
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2025 में जीशान सिद्दीकी को एक धमकी भरा ईमेल भी मिला था, जिसमें कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने जांच की थी।
लगातार मिल रही धमकियों ने एक बार फिर मुंबई पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



