इंदौर। पहलगाम आतंकी हमले ने पूरे देश के साथ इंदौर को भी गमगीन कर दिया। आतंकियों ने इंदौर के रहने वाले सुशील नथानियल को भी अपना निशाना बना लिया था। बुधवार रात 9 बजे सुशील का शव इंदौर पहुंचा। एयरपोर्ट पर सीएम डॉ.मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुशील को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां से सीएम को कुछ शादियों में जाना था, लेकिन वे इतने दु:खी हो गए कि उन्होंने यह फैसला टाल दिया।
सीएम डॉ. यादव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि इस कायराना हरकत से सुशील जी की दु:खद मृत्यु हुई है। उनका परिवार यहां आया है। मैंने और विष्णुदत्त शर्मा जी ने पुष्प चक्र चढ़ाया। शोक के इस क्षण में हम सबका भी हृदय दुखी है। इनकी पत्नी बता रही हैं कि गोली मारने के पहले आतंकियों ने कलमा पढ़ने को कहा था। जब सुशीलजी ने कहा कि हम तो क्रिश्चियन हैं हमें कलमा पढ़ना नहीं आता है, तो गोली मार दी। बेटी अलग घायल हो गई। शोक की इस घड़ी में पूरी सरकार इनके साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरी सरकार निश्चित रूप से इन कायरों से बदला लेगी।
👉 यह भी पढ़ें:
- अपमान का घूंट पीकर भी सुदर्शन गुप्ता की चुनरी यात्रा में पहुंचे विजयवर्गीय, सीएम के आने से पहले ही मार गए कलटी!
- चुनरी यात्रा के बहाने विधानसभा एक में ‘सुदर्शन चक्र’, होर्डिंग-बैनर से मंत्रीजी गायब!
- मंत्री की बैठक से दूरी बनाने के बाद बोलीं विधायक मालिनी गौड़- ऐसी बैठकों में जाने का कोई मतलब नहीं
- मंत्रीजी की बैठक से अधिकांश विधायकों ने बनाई दूरी, नाराज होकर बोले-शायद उनके क्षेत्र में पानी की दिक्कत नहीं होगी
- 19 साल तक सोता रहा आईडीए, आंखों पर पट्टी बांधे बैठे रहे विभाग, सुपर कॉरिडोर की जमीन पर सुरेश भदौरिया का खेल
- करोड़पति निकला इंदौर का प्रधान आरक्षक, 15 ठिकानों पर लोकायुक्त की एक साथ कार्रवाई
सीएम ने शव को लेकर इंदौर पहुंचे सुशीलजी की पत्नी जेनिफर, बेटे आस्टन और बेटी आकांक्षा से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। बेटी आकांक्षा और बेटे ऑस्टिन ने सीएम को बताया कि किस तरह वे दहशत में रहे। बेटी, बेटा और सुशील की पत्नी तीनों ही बात करने की स्थिति में नहीं थे। बस बेटे ऑस्टिन ने मुख्यमंत्री से बातचीत की और इस दौरान मुख्यमंत्री पूरे समय उसे हिम्मत देते रहे।
पूरे दिन लगा रहा नेताओं का तांता
जब से यह खबर फैली कि इस घटना में इंदौर के सुशील जी का निधन हो गया है, तब से उनके निवास पर नेताओं का तांता लगा रहा। सबसे पहले कलेक्टर आशीष सिंह पहुंचे थे। इसके बाद विधायक रमेश मेंदोला, मंत्री तुलसी सिलावट सहित अन्य नेता पहुंचे। सुशील के घर के आसपास के रहवासी क्षेत्रों के लोग दिनभर सुशील के घर पर डटे रहे और परिजन को सांत्वना देते रहे।



