भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी करेगा। इस सत्र में राज्य सरकार विधेयकों के साथ पहला अनुपूरक बजट भी पेश करेगी। इस बार विधानसभा का नजारा बदला बदला नजर आएगा। हर विधायक की टेबल पर टैबलेट रखने की भी तैयारी चल रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तीन दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से उनके बंगले पर मिलने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों के बीच मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल से मंजूरी ली गई। माना जा रहा है कि एक–दो दिन में विधानसभा सचिवालय सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर देगा। पिछले साल विधानसभा का मानसून सत्र एक जुलाई से शुरू हुआ था। इसके लिए 19 जुलाई तक का समय तय किया गया था। हालांकि सत्र समय से पहले समाप्त हो गया था। इस सत्र में कुल 14 बैठकें तय की गई थीं। लोकसभा चुनाव के चलते मार्च 2024 में सरकार का बजट नहीं आ सका था, इसलिए वह मानसून सत्र में ही आया था।
👉 यह भी पढ़ें:
- IAS भरत यादव ने संभाला जनसंपर्क सचिव का पदभार, कई विभागों में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका
- पतंजलि गाय के घी का एक बैच असुरक्षित, मध्यप्रदेश में बाजार से वापस लेने के आदेश
- इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर पर हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई पूरी, अब अंतिम आदेश का इंतजार
- अमित शाह कर गए टीम मोहन यादव की तारीफ, कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात के लगने लगे सियासी मायने
- भोपाल में बोले अमित शाह -2029 तक नशामुक्त होगा मध्यप्रदेश, डेयरी और न्याय व्यवस्था पर जोर
- कैलाशजी, मंत्रिमंडल की बैठक में आप खुद ही नहीं जाते, फिर सीएम क्या आपके घर आकर बात करें या फिर हर दिन फोन लगाएं?
सत्र को हाईटेक बनाने की तैयारी
इस बार मानसून सत्र में सदन का नजारा कुछ अलग ही रहेगा। हर विधायक की टेबल पर टैबलेट होगा। इसमें सदन संबंधी सभी जानकारी उपलब्ध होगी। प्रश्नोत्तरी, राज्य का बजट, विभागीय प्रतिवेदन सहित अन्य सामग्री डिजिटली फॉर्मेट में होगी। विधानसभा सचिवालय ने सदन के काम–काज को हाईटेक तरीके से किए के लिए पूरी जिमेदारी एनआईसी को दी गई है।



