हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) मलबे में दब गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने इसकी पुष्टि की है।
अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा गिर गया
बताया जाता है कि उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।
👉 यह भी पढ़ें:
- सुपौल में तेज रफ्तार कार का कहर: कीर्तन कर रहे 5 लोगों की मौत, NH-327E पर मचा हंगामा
- तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 6 की मौत, 43 यात्री थे सवार
- मुंबई में गणपति आगमन जुलूस में बड़ा हादसा, विशाल मूर्ति गिरने से 2 की मौत; 5 घायल
- NTPC तालचेर पावर प्लांट में बड़ा हादसा: बंकर-बी में जोरदार धमाका, 5 श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे
- चमोली टनल हादसा: रेस्क्यू ऑपरेशन में एक और श्रमिक का शव बरामद, 2 अब भी लापता
- Dhar में भीषण सड़क हादसा, ट्रॉले से भिड़ी ईको वैन, महाकाल से लौट रहे गुजरात के छह लोगों की मौत
मलबे से एक को व्यक्ति को निकाला गया
अब तक बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन ने फिलहाल घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यात्रियों की संख्या और हताहतों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
सीएम सुक्खू ने जताया दुख
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति जिला के कडूनाला में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वाहन में सवार सभी यात्री कुल्लू से पांगी जा रहे थे। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
मृतकों में ड्राइवर भी शामिल
मृतकों में वाहन चालक बीर सिंह भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बिना आवश्यकता यात्रा न करें। जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते जान-माल का खतरा बना हुआ है।
पांगी घाटी को जोड़ने वाला मार्ग बंद
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सतरुंडी नाला और रानीकोट के समीप बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, जिससे पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग बंद हो गया है सड़क बंद होने के चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मार्ग को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।



